वेस्टर्न रेलवे के विरार-दहानू रोड फेज-I क्वाड्रपल लाइन प्रोजेक्ट के तहत केलवे रोड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और कवच प्रणाली के कमीशनिंग कार्य को लेकर रेलवे ने 14 और 15 जुलाई 2026 को प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को शाम 16.00 बजे से 17.30 बजे तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा, जिसमें सिग्नलिंग गियर और पॉइंट वायरिंग में बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद 15 जुलाई 2026 को सुबह 08.10 बजे से 11.10 बजे तक नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक रहेगा, जिसके दौरान इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और कवच सिस्टम को कमीशन किया जाएगा।

इस ब्लॉक के चलते उपनगरीय और मेल-एक्सप्रेस सेवाओं पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। 15 जुलाई को यात्रा शुरू करने वाली पांच ट्रेनें रद्द रहेंगी, जिनमें बोईसर-विरार मेमू (61001), दहानू रोड-विरार लोकल (93012 और 93014), विरार-दहानू रोड लोकल (93013) और चर्चगेट-दहानू रोड लोकल (93015) शामिल हैं। इसके अलावा 14 जुलाई को मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद वंदे भारत (22961) और तेजस एक्सप्रेस (82901) को 25 मिनट, हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल तेजस (12954) को 30 मिनट, इंदौर-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस (20932) को 1 घंटे 45 मिनट, भुज-बांद्रा टर्मिनस कच्छ एक्सप्रेस (22956) को 1 घंटे 50 मिनट, जोधपुर-बांद्रा टर्मिनस सूर्य नगरी एक्सप्रेस (12479) को 1 घंटे 30 मिनट और श्री गंगानगर-दादर एक्सप्रेस (12489) को 30 मिनट के लिए विनियमित किया जाएगा।

15 जुलाई को भी दहानू रोड-चर्चगेट लोकल (93202), सूरत-मुंबई सेंट्रल फ्लाइंग रानी (12922), दहानू रोड-बोरीवली लोकल (93010), अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत (22962), अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल कर्णावती एक्सप्रेस (12934), अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल (12932), अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल तेजस एक्सप्रेस (82902), बोरीवली-वलसाड मेमू (69139), चर्चगेट-दहानू रोड लोकल (93009), बांद्रा टर्मिनस-उधना स्पेशल (09055) और दादर-पोरबंदर सौराष्ट्र एक्सप्रेस (19015) विनियमित रहेंगी। साथ ही 15 जुलाई को सूरत-विरार एक्सप्रेस (19002) और डोंबिवली-बोईसर मेमू (61002) को क्रमशः पालघर और वसई रोड पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा, जबकि विरार-वलसाड (59039) ट्रेन पालघर से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे इस ब्लॉक के मद्देनजर अपनी यात्रा की योजना पहले से सुनिश्चित कर लें।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story