पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल और एक्सिस बैंक के मध्य हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत आज दिनांक 12.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर एक्सिस बैंक की ओर से दो दिवंगत रेल कर्मचारियों के आश्रित परिजनों को ₹10-10 लाख की वित्तीय सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को संबल

इस कार्यक्रम के दौरान दिवंगत कर्मचारी श्री मोहनलाल मीना जो कि महेसाणा में TCM-I टेलिकॉम के पद पर कार्यरत थे तथा श्री महेशकुमार लिम्बाचिया जो अहमदाबाद में लोको पायलट CTCC के पद पर कार्यरत थे, उनकी प्राकृतिक मृत्यु के उपरांत उनके परिजनों को ₹10-10 लाख की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। यह चेक मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश, एक्सिस बैंक के डायरेक्टर श्री गुरविंदरजीत सिंह संधु एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सौंपी गई।





व्यापक बीमा सुरक्षा और आधुनिक बैंकिंग लाभ

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ ने इस अवसर पर बताया कि इस MoU के तहत रेल कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ व्यापक बीमा लाभ भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। एक्सिस बैंक और अहमदाबाद मंडल के बीच हुए इस समझौते के तहत कर्मचारियों के जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट खोले जाते हैं। इन खातों में व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा के तहत दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण स्थायी विकलांगता पर ₹100 लाख तक का कवर शामिल है।

सामाजिक एवं वित्तीय सुरक्षा के विविध आयाम

MoU के प्रावधानों के अनुसार 60 वर्ष की आयु तक प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में ₹10 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ कवर प्रदान किया जाता है। इसके अतिरिक्त दुर्घटना मृत्यु के मामलों में बच्चों की शिक्षा हेतु ₹8 लाख तक की सहायता और आंशिक स्थायी विकलांगता की स्थिति में मूल कवर का 75% तक लाभ सुनिश्चित किया गया है।

रेल प्रबंधन का वक्तव्य

मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि "पश्चिम रेलवे और एक्सिस बैंक के बीच हुआ यह समझौता हमारे रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ठोस कदम है। इससे न केवल कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिल रही हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में उनके परिजनों को सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा भी सुनिश्चित हो रही है।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story