यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल और बांद्रा टर्मिनस से अहमदाबाद के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने विभिन्न गंतव्यों के बीच दो विशेष ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये ट्रेनें विशेष किराए के साथ संचालित की जाएंगी।
पहली ट्रेन संख्या 09021/09022 मुंबई सेंट्रल – अहमदाबाद एसी सुपरफास्ट स्पेशल है। ट्रेन संख्या 09021 मुंबई सेंट्रल से रविवार, 31 मई 2026 को सुबह 06:20 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 12:40 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 09022 अहमदाबाद से रविवार, 31 मई 2026 को दोपहर 15:10 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 21:45 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, सूरत, भरूच और वडोदरा स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में विस्टाडोम, एग्जीक्यूटिव चेयर कार, एग्जीक्यूटिव अनुभूति और एसी चेयर कार कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
दूसरी ट्रेन संख्या 09043/09044 बांद्रा टर्मिनस – अहमदाबाद/वटवा – बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट स्पेशल है। ट्रेन संख्या 09043 बांद्रा टर्मिनस से सोमवार, 01 जून 2026 को रात 23:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 08:00 बजे वटवा पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09044 अहमदाबाद से सोमवार, 01 जून 2026 को सुबह 03:50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, पालघर, वापी और वडोदरा स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन संख्या 09043 को उधना, आनंद और नडियाद स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 09044 भरूच और सूरत स्टेशनों पर अतिरिक्त रूप से रुकेगी। इस ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास कोच शामिल होंगे।
इन सभी चार ट्रेनों के लिए बुकिंग 30 मई 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे ठहराव के समय और कोच संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करें। यात्रियों की यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाने के लिए पश्चिम रेलवे का यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है।

