पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने गैर-किराया आय (Non-Fare Revenue) बढ़ाने और रेलवे परिसंपत्तियों के अधिकतम व्यावसायिक उपयोग की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंडल ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में स्थित ओवरहेड जल टैंकों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से विज्ञापन प्रदर्शित करने के लिए ई-नीलामी (e-Auction) के जरिए 5 वर्षीय महत्वपूर्ण अनुबंध प्रदान किया है।

मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश के नेतृत्व में यह अनुबंध सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। यह पहल रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इस अनुबंध के तहत अहमदाबाद मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं रेल परिसरों में स्थित 30 ओवरहेड जल टैंकों पर वॉल पेंटिंग के माध्यम से विज्ञापन प्रदर्शित किए जाएंगे। इन परिसंपत्तियों पर उपलब्ध कुल विज्ञापन क्षेत्रफल लगभग 2,901 वर्गमीटर है। 5 वर्ष की अवधि के लिए प्रदान किए गए इस अनुबंध का कुल स्वीकृत मूल्य ₹22,12,500/- निर्धारित किया गया है। इस योजना में अहमदाबाद, मणिनगर, कांकरिया यार्ड, भुज, पालनपुर, महेसाणा, जखवाड़ा, छारोड़ी, साणंद, आम्बली रोड, गांधीनगर, खोडियार, साबरमती तथा भीलड़ी स्थित ओवरहेड जल टैंक शामिल हैं।

अहमदाबाद मंडल रेलवे परिसंपत्तियों के व्यवस्थित व्यावसायिक उपयोग के माध्यम से गैर-किराया राजस्व में निरंतर वृद्धि के लिए कई नवाचार आधारित वाणिज्यिक पहलें लागू कर रहा है। उल्लेखनीय है कि चालू वित्तीय वर्ष में मंडल द्वारा अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लगेज लॉकर सुविधा, कांकरिया गुड्स शेड में एक्सेस-कंट्रोल्ड पेड पार्किंग एवं फ्रेट एलाइड सर्विसेज, ट्रेन साइड वेंडिंग (TSV) के लिए तीन वर्षीय अनुबंध, महेसाणा रेलवे स्टेशन पर गेम ज़ोन के विकास, संचालन एवं अनुरक्षण के लिए ई-नीलामी अनुबंध तथा अहमदाबाद मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ओला, उबर एवं रैपिडो जैसी ऐप-आधारित टैक्सी सेवाओं की उपलब्धता जैसी कई अभिनव परियोजनाएं सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी हैं। इन पहलों से यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ रेलवे की गैर-किराया आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

ओवरहेड जल टैंकों पर विज्ञापन प्रदर्शन की यह नई पहल भी अहमदाबाद मंडल की इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से उपलब्ध रेलवे परिसंपत्तियों का अधिकतम व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित करते हुए राजस्व सृजन के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story