पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में रेल संचालन को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत स्टेट-ऑफ-द-आर्ट इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर का निर्माण तेजी से जारी है, जो जून 2026 तक पूर्ण रूप से कार्यरत हो जाएगा। लगभग 24,500 वर्ग फुट में विस्तृत यह अत्याधुनिक परिसर उत्तरी गुजरात क्षेत्र में रेल संचालन का केंद्रीय तंत्र (Nerve Centre) बनेगा।





वर्ष 2003 में स्थापना के बाद से अहमदाबाद मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। माल लदान 9.38 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 51 मिलियन टन तक पहुँच गया है, जो पाँच गुना से अधिक वृद्धि को दर्शाता है। बढ़ते परिचालन दबाव को सुव्यवस्थित करने के लिए विभिन्न विभागों की नियंत्रण गतिविधियों को अब एक ही छत के नीचे केंद्रीकृत किया जा रहा है।

यह अत्याधुनिक नियंत्रण परिसर उन्नत डिजिटल निगरानी प्रणाली से सुसज्जित होगा, जिसके अंतर्गत 1,350 रूट किलोमीटर क्षेत्र की रियल-टाइम और उच्च-रिज़ॉल्यूशन मॉनिटरिंग के लिए विशाल वीडियो डिस्प्ले यूनिट (VDU) वॉल स्थापित की जाएगी, जिससे त्वरित निर्णय-निर्धारण संभव होगा। इसके साथ ही फ्रेट एवं कोचिंग कंट्रोल, सिग्नल एवं दूरसंचार (S&T), इंजीनियरिंग, ट्रैक्शन और क्रू प्रबंधन का समेकित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

सुरक्षा एवं संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ तथा कैरिज एवं वैगन (C&W) गतिविधियों को भी इस परिसर में शामिल किया जाएगा। यात्री सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु ‘रेल मदद’ शिकायत निवारण तंत्र और NTES (National Train Enquiry System) के साथ प्रत्यक्ष एकीकरण किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सटीक और अद्यतन जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

इस इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर के संचालन से प्रतिदिन संचालित 130 से अधिक कोचिंग ट्रेनों और 160 से अधिक मालगाड़ियों के संचालन में समयपालन की सटीकता सुनिश्चित होगी। लोको परिवर्तन, जल आपूर्ति, पार्सल प्रबंधन और क्रू तैनाती जैसी प्रक्रियाओं में दक्षता और समयबद्धता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। रियल-टाइम डेटा प्रवाह के माध्यम से यात्रियों को पारदर्शी और विश्वसनीय सेवाएँ प्रदान की जा सकेंगी।





यह नियंत्रण केंद्र केवल एक भवन नहीं, बल्कि उन्नत तकनीक और समेकित कार्यप्रणाली का प्रतीक होगा, जो 24×7 संचालित रहेगा। कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे आधुनिक कार्यस्थल के रूप में विकसित किया गया है, जिसमें कैंटीन, विश्राम कक्ष, मिनी बोर्ड रूम और समर्पित पार्किंग जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि कार्य निष्पादन अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और सहज हो सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story