पश्चिम रेलवे: अहमदाबाद मंडल के 4 कर्मचारी 'मैन ऑफ द मन्थ' से सम्मानित
महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सतर्कता और सूझबूझ से रेल दुर्घटनाएं टालने वाले चार रेलकर्मियों को मार्च 2026 के संरक्षा पुरस्कार से नवाजा।

अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय (केंद्र में) मार्च 2026 के 'मैन ऑफ द मन्थ' विजेताओं और अन्य रेल अधिकारियों के साथ।
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने अहमदाबाद मंडल के चार कर्मचारियों को मार्च–2026 के “मैन ऑफ द मन्थ” संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। इन कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, सतर्कता, सूझबूझ एवं सुरक्षित ट्रेन संचालन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी तत्परता एवं त्वरित निर्णय क्षमता के चलते कई संभावित रेल दुर्घटनाओं को समय रहते टालकर रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया।
गांधीधाम के गाड़ी प्रबंधक (माल) श्री चन्द्रशेखर सिंह ने 23.02.2026 को न्यू पालनपुर से CMLK/MDCC मालगाड़ी का चार्ज लेने के बाद निरीक्षण के दौरान लोड एवं ब्रेकवान के बीच कपलर गैप अधिक पाया। माप में यह गैप 92 मिमी पाया गया, जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर एवं C&W स्टाफ को दी। सुधार के बाद गाड़ी को रवाना किया गया, किंतु भीलड़ी स्टेशन पर पुनः निरीक्षण में रबर प्लेट खिसकने से वही गैप 92 मिमी पाया गया, जिसके बाद उनकी सतर्कता पर ब्रेकवान को डिटैच कर लोहे की प्लेट लगाकर दोष का निराकरण किया गया।
इसी क्रम में 30.03.2026 को LC-199 पर ड्यूटी के दौरान कांटेवाला श्री रोहित सिंह ने सामाख्याली सेक्शन से गुजर रही मालगाड़ी के 19वें वैगन में ‘हॉट एक्सल’ की स्थिति देखी। उन्होंने तुरंत लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकवाया और स्टेशन मास्टर को सूचित किया। जांच में हॉट एक्सल की पुष्टि होने पर दोषपूर्ण वैगन को अलग कर दिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
31.03.2026 को गांधीधाम के गाड़ी प्रबंधक श्री रत्ना भाई परमार ने LPGS/IOBP/LPG ट्रेन के संचालन के दौरान गाड़ी में गैस जैसी गंध महसूस होने पर तत्काल स्टेशन स्टाफ को सूचित किया। धनकवाड़ा स्टेशन पर जांच में वैगन संख्या WR 42080160175 में गैस रिसाव पाया गया। उन्होंने स्टेशन मास्टर एवं कंट्रोल कार्यालय को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड, C&W स्टाफ, RPF एवं अन्य विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषपूर्ण वैगन को अलग किया गया तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए।
02.03.2026 को ट्रैक मेंटेनर-III श्री राकेश कुमार ने RUB-169 पर वॉचमैन ड्यूटी के दौरान देखा कि एक ट्रेन निर्धारित 20 किमी प्रति घंटा की कॉशन गति से अधिक रफ्तार से गुजर रही है। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोक दिया।
पश्चिम रेलवे द्वारा इन चारों कर्मचारियों की सतर्कता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा गया कि उनके अनुकरणीय कार्यों ने संभावित खतरों को समय रहते टालकर सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित किया है। यह सम्मान रेलवे संरक्षा प्रणाली में मानव सतर्कता की निर्णायक भूमिका को और अधिक सशक्त करता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
