पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मंडल: मई माह में स्वास्थ्य और सुरक्षा सेवाओं का विस्तार
अहमदाबाद मंडल के चिकित्सा विभाग ने मई 2026 में रक्तदान शिविर, टीकाकरण, मानसिक स्वास्थ्य सत्र और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया।

अहमदाबाद स्थित मंडलीय रेलवे अस्पताल में कर्मचारियों के लिए आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान कार्यक्रम और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण सत्र के दौरान की तस्वीरें।
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का चिकित्सा विभाग मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) श्रीमती भानुमति शेखर के कुशल मार्गदर्शन में मई 2026 के दौरान अपने कर्मचारियों, उनके आश्रितों तथा आम नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति पूर्णतः समर्पित रहा। इस अवधि में मंडल द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों, आपदा प्रबंधन अभ्यासों और जन जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, आपदा प्रबंधन की क्षमता बढ़ाने तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
मई महीने की प्रमुख पहलों के अंतर्गत, अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर मंडलीय रेलवे अस्पताल (DRH-SBI) में गैर-सरकारी संस्थाओं (NGOs) के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने योगदान दिया और कुल 43 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त, विश्व अश्थमा दिवस के उपलक्ष्य में डॉ. जैमिन द्वारा व्याख्यान दिया गया और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (PFT) स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया, जिससे मंडल के 200 लाभार्थियों ने लाभ उठाया। राष्ट्रीय डेंगू दिवस और विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर भी सभी रेलवे अस्पतालों, स्वास्थ्य इकाइयों (Health Units) और रेलवे कॉलोनियों में जागरूकता रैलियां और पोस्टर प्रदर्शन आयोजित किए गए।
महिला स्वास्थ्य और टीकाकरण पर विशेष ध्यान देते हुए, मंडलीय रेलवे अस्पताल में 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए पूरे मई महीने के दौरान 7, 14, 21 और 28 तारीख को ह्युमन पेपिलोमा वायरस (HPV) के विरुद्ध टीकाकरण शिविर आयोजित किए गए, जिसमें 40 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। कर्मचारियों की मानसिक सुख-शांति और कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन के लिए एसीएमएस साबरमती डॉ. मनोज कुमार देव द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए गए। इनमें 26 मई को विश्व स्किजोफ्रेनिया दिवस पर स्वास्थ्य वार्तालाप, 28 मई को इंजीनियरिंग वर्कशॉप साबरमती में तनाव प्रबंधन कार्यक्रम तथा 29 मई को वटवा डीजल शेड में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र शामिल थे, जिनमें कर्मचारियों और उनके परिवारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वच्छता अभियान के तहत, मानसून से पूर्व साबरमती, अहमदाबाद, कांकरिया, गांधीधाम, विरमगाम, मेहसाणा, वटवा और पालनपुर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में फॉगिंग तथा लार्वा-नाशक गतिविधियां संचालित की गईं। भीषण गर्मी को देखते हुए 'हीट स्ट्रोक' से बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान चलाए गए, जबकि विभिन्न केंद्रों पर आयोजित वेलनेस और हेल्थ चेक-अप कैंपों में 570 कर्मचारियों व लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही, आयुष ओपीडी सेवाओं के माध्यम से कुल 595 रोगियों का उपचार किया गया, जिसमें आयुर्वेद विभाग में 409 और होम्योपैथी विभाग में 186 रोगी शामिल रहे।
मंडल की सुरक्षा तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 15 मई 2026 को वटवा स्थित आरओएच डिपो में राष्ट्रीय आपदा प्रतिसाद दल (NDRF) के समन्वय से एक पूर्ण स्तरीय 'मोक ड्रिल' का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में मंडल रेल प्रबंधक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी, चिकित्सा टीम, एनडीआरएफ के जवान, एआरएमई-I, एआरटी, फायर सर्विसेज और सिविल एम्बुलेंस सेवाओं ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, 20 मई को तलोद-हिम्मतनगर सेक्शन के एलसी-51 पर भी सफल मोक ड्रिल संपन्न हुई। पश्चिमी रेलवे अपने सभी रेलकर्मियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता को बनाए रखने के लिए इस प्रकार के कल्याणकारी और चिकित्सा प्रयासों के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
