अहमदाबाद रेलवे मंडल ने दीपावली और छठ पर 21 लाख यात्रियों को कराई यात्रा
पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने 79 विशेष ट्रेन ट्रिप्स, अतिरिक्त कोच और होल्डिंग एरिया के जरिए त्योहारी भीड़ को संभाला और ₹108 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया।

अहमदाबाद मंडल के डीआरएम वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में दीपावली-छठ पर 21 लाख यात्रियों ने सफर किया।
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही के बीच पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने 15 दिनों में 21 लाख से अधिक यात्रियों को रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई। 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच यात्रियों की इस आवाजाही से मंडल को ₹108 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए 79 विशेष ट्रेन ट्रिप्स संचालित की गईं। इसके अलावा नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाकर यात्रियों को राहत दी गई।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए वाणिज्य, परिचालन, सुरक्षा, यांत्रिक सहित विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। पूरे त्योहारी सीजन में 24×7 निगरानी, विशेष होल्डिंग एरिया, CCTV मॉनिटरिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती के माध्यम से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं।
अहमदाबाद, साबरमती और असारवा से लाखों यात्रियों ने किया सफर
त्योहारी अवधि के दौरान अहमदाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी आवाजाही दर्ज की गई। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन से 8.13 लाख से अधिक, साबरमती रेलवे स्टेशन से 3.42 लाख से अधिक और असारवा रेलवे स्टेशन से 1.37 लाख से अधिक यात्रियों ने रेल यात्रा की। इसके अलावा भुज, गांधीधाम और मंडल के अन्य रेलवे स्टेशनों से भी बड़ी संख्या में यात्रियों ने विभिन्न राज्यों में अपने गंतव्यों के लिए सफर किया।
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त रेल सेवाओं, भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया।
79 विशेष ट्रेन ट्रिप्स से अतिरिक्त यात्री मांग पूरी की
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने 1 से 15 नवंबर 2026 के बीच कुल 79 विशेष ट्रेन ट्रिप्स संचालित कीं। अहमदाबाद, साबरमती, असारवा, भुज और गांधीधाम जैसे प्रमुख स्टेशनों से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों के विभिन्न शहरों के लिए विशेष रेल सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से लखनऊ, कानपुर, आगरा, मुंबई, प्रयागराज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, बरौनी, राजगीर, जयपुर, हरिद्वार और भागलपुर सहित अन्य प्रमुख गंतव्यों के लिए यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिली। इसके साथ ही यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस और कर्णावती एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए।
अहमदाबाद और साबरमती स्टेशन पर बनाए विशेष होल्डिंग एरिया
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए अहमदाबाद और साबरमती रेलवे स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए। यहां यात्रियों के बैठने, पेयजल, पर्याप्त रोशनी और पंखों जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
सामान्य श्रेणी के यात्रियों को खाद्य पैकेट, पानी की बोतलें और बिस्किट भी वितरित किए गए। स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने, प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने और सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में सवार कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए। पेयजल सुविधाओं की नियमित निगरानी के साथ स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर भी ध्यान दिया गया।
CCTV कैमरों से निगरानी, अहमदाबाद में 55 RPF जवान तैनात
यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), टिकट चेकिंग स्टाफ और अन्य रेल कर्मचारियों की विशेष तैनाती की गई। अहमदाबाद और साबरमती रेलवे स्टेशनों पर CCTV कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी गई।
साबरमती रेलवे स्टेशन पर 121 CCTV कैमरों और अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर 119 CCTV कैमरों से निगरानी की गई। अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर जल्द ही 60 अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाने की भी योजना है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर 55, साबरमती रेलवे स्टेशन पर 40 और असारवा रेलवे स्टेशन पर 15 RPF जवान तैनात किए गए। इसके अतिरिक्त वाणिज्यिक विभाग के कर्मचारी, विशेष रूप से टिकट चेकिंग स्टाफ, यात्रियों की सहायता और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए चौबीसों घंटे तैनात रहे।
रेलवे प्रशासन ने स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों, फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए।
डिस्प्ले बोर्ड, उद्घोषणा प्रणाली और सोशल मीडिया से दी जानकारी
विशेष ट्रेनों के संचालन, समय-सारणी, प्लेटफॉर्म और अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया गया। रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों के परिचालन और समयपालन की नियमित निगरानी भी की, ताकि यात्रियों को यथासंभव सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।
विभागीय समन्वय से संभाली गई त्योहारी भीड़
मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश के मार्गदर्शन में विभिन्न रेलवे विभागों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए विशेष ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था, यात्री सुरक्षा, स्टेशन प्रबंधन, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित की गई।
त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद रेलवे प्रशासन ने उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने के प्रयास किए। अहमदाबाद, साबरमती और असारवा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई।
पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान 15 दिनों में 21 लाख से अधिक यात्रियों की आवाजाही, 79 विशेष ट्रेन ट्रिप्स का संचालन और ₹108 करोड़ से अधिक का राजस्व मंडल की यात्री सेवा एवं परिचालन गतिविधियों का महत्वपूर्ण परिणाम रहा। मंडल ने भविष्य में भी यात्रियों की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप रेल सेवाओं के विस्तार, आधुनिक यात्री सुविधाओं, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
