पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 26 नवम्बर 2026 को 77वां संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश ने मंडल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया और संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसमें भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने के संवैधानिक उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

इस दौरान व्यक्ति की गरिमा के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने के संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प भी दोहराया गया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती मंजू मीणा, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री विकास गढ़वाल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सिद्धार्थ सहित अहमदाबाद मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated On
Next Story