महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने दो दिवसीय दौरे में मुंद्रा पोर्ट कनेक्टिविटी, भुज स्टेशन पुनर्विकास और भुज-नलिया-वायोर रेलखंड के कार्यों की समीक्षा की।

कच्छ क्षेत्र में रेलवे विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने 22 एवं 23 मई, 2026 को दो दिवसीय व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांधीधाम–मुंद्रा पोर्ट सेक्शन से लेकर भुज–नलिया–वायोर रेलखंड तक विभिन्न परियोजनाओं, निर्माण कार्यों एवं भविष्य की योजनाओं का विस्तृत निरीक्षण और समीक्षा की।

22 मई, 2026 को गांधीधाम से मुंद्रा पोर्ट के बीच निरीक्षण यान द्वारा किए गए विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने गांधीधाम क्षेत्र में चल रहे रेलवे प्रोजेक्टों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर पश्चिम रेलवे अहमदाबाद के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता तथा अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित निर्माण एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुंद्रा पोर्ट दौरे के दौरान महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने APSEZ के CEO सुजल शाह के साथ ट्रेन कनेक्टिविटी एवं संचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। पोर्ट के मॉडल रूम में APSEZ के COO मनोज कतर द्वारा मुंद्रा पोर्ट के विकास एवं पिछले 13 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके बाद रो-रो टर्मिनल का अवलोकन बोट के माध्यम से किया गया तथा Adani Ports and Special Economic Zone के अधिकारियों के साथ रेलवे–पोर्ट समन्वय और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

इसी दौरान भुज-दिल्ली नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए महाप्रबंधक पांडे ने कहा कि कच्छ में रेलवे आधारभूत ढांचे के विकास एवं नई सुविधाओं के लिए आने वाले वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने बताया कि भुज-आदिपुर के बीच डबल रेलवे ट्रैक के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे परिवहन और अधिक तेज एवं सुगम होगा।

महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे एवं मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने यह भी जानकारी दी कि भुज रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही भचाऊ एवं गांधीधाम रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भुज स्टेशन के नवनिर्माण के बाद रेलवे सेवाओं का विस्तार और अधिक बढ़ाया जाएगा तथा जहां-जहां व्यापार एवं यातायात की आवश्यकता होगी, वहां नई परियोजनाएं प्रारंभ की जाएंगी।

भुज-दिल्ली रेल सेवा के शुभारंभ के बाद गांधीधाम में आयोजित उद्योगपतियों एवं व्यापारिक संगठनों की बैठक में पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने उद्योग जगत की समस्याएं एवं सुझाव सुने। गांधीधाम चेंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक पांडे ने कहा कि रेलवे की कार्यशैली में व्यापक परिवर्तन आया है और यात्रियों एवं माल परिवहन के विकल्पों के बावजूद रेलवे के माध्यम से परिवहन का विस्तार देशहित में है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कच्छ के व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मुद्दों पर जोनल एवं रेलवे बोर्ड स्तर पर सक्रिय प्रयास किए जाएंगे।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि रेलवे उद्योग जगत एवं यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नीति से जुड़े विषयों पर भी आवश्यक परिवर्तन का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में चेंबर ऑफ कच्छ के प्रतिनिधियों ने मांडवी को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने, पूर्व स्वीकृत रेलवे कोच फैक्ट्री को प्रारंभ करने, नमो भारत ट्रेन को डबल रैक के साथ चलाने तथा भुज-हरिद्वार, भुज-वाराणसी, भुज-भागलपुर एवं भुज-अमृतसर जैसी लंबित ट्रेन मांगों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। साथ ही डीपी वर्ल्ड द्वारा जून 2027 तक प्रस्तावित मेगा कंटेनर टर्मिनल एवं बढ़ते माल परिवहन को देखते हुए अतिरिक्त रेलवे सुविधाओं के विकास का अनुरोध भी किया गया।

23 मई, 2026 को महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे ने भुज–नलिया–वायोर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भुज–नलिया सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए नलिया स्टेशन एवं नलिया–वायोर नई रेलवे लाइन परियोजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

कच्छ में रेलवे नेटवर्क विस्तार, पोर्ट कनेक्टिविटी और आधुनिक स्टेशन विकास से जुड़ी यह विस्तृत समीक्षा यात्रा क्षेत्र के औद्योगिक एवं परिवहन भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे आगामी वर्षों में क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलने की संभावना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story