पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और मांग को ध्यान में रखते हुए वरेठा–गांधीनगर कैपिटल मेमू ट्रेन का विस्तार वटवा स्टेशन तक करने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 69208/69207 के इस विस्तार से उत्तर गुजरात के वरेठा, वडनगर, विसनगर, मेहसाणा और कलोल क्षेत्र के यात्रियों को अहमदाबाद शहर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। विस्तारित मार्ग पर चांदखेड़ा रोड, साबरमती, अहमदाबाद और मणिनगर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 69207 वटवा–वरेठा मेमू 29 नवंबर 2026 से वटवा स्टेशन से शाम 17:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मणिनगर 17:15 बजे, अहमदाबाद 17:25 बजे, साबरमती 17:58 बजे, चांदखेड़ा रोड 18:07 बजे, गांधीनगर कैपिटल 18:35 बजे, कलोल 19:04 बजे और मेहसाणा 19:58 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन रात 21:30 बजे वरेठा पहुंचेगी।

इसी तरह, ट्रेन संख्या 69208 वरेठा–वटवा मेमू 30 नवंबर 2026 से वरेठा स्टेशन से सुबह 06:15 बजे रवाना होगी। ट्रेन मेहसाणा 07:18 बजे, कलोल 08:12 बजे, गांधीनगर कैपिटल 08:43 बजे, चांदखेड़ा रोड 09:05 बजे, साबरमती 09:28 बजे, अहमदाबाद 10:05 बजे और मणिनगर 10:20 बजे पहुंचेगी। इसका वटवा पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 10:45 बजे है।

रेलवे ने वरेठा और गांधीनगर कैपिटल के बीच पड़ने वाले मध्यवर्ती स्टेशनों की समय-सारणी में भी संशोधन किया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा शुरू करने से पहले संशोधित समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

ट्रेन के वटवा तक विस्तार से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। उत्तर गुजरात के यात्रियों को अहमदाबाद शहर, साबरमती और मणिनगर तक सीधे पहुंचने की सुविधा मिलेगी। वहीं, चांदखेड़ा और वटवा क्षेत्र के यात्रियों को भी इस रेल सेवा से सुविधा होगी।

ट्रेन के समय, ठहराव और रेक संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नए विस्तार और अतिरिक्त ठहराव से उत्तर गुजरात तथा अहमदाबाद के बीच रेल संपर्क का दायरा बढ़ेगा।

Next Story