वंदे भारत एक्सप्रेस की 81% ट्रेनें 110 किमी से अधिक रफ्तार से दौड़ रहीं: अश्विनी वैष्णव
रेल मंत्री ने संसद में बताया कि पटरियों के आधुनिकीकरण और यांत्रिक बदलावों के कारण ट्रेनों की गति बढ़ी है, उदयपुर सांसद के सवाल पर दी तकनीकी जानकारी।

संसद के मानसून सत्र के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत ट्रेनों की औसत परिचालन गति और रेलवे ट्रैक के उन्नयन पर आधिकारिक डेटा प्रस्तुत किया।
उदयपुर। देश की प्रीमियम रेल सेवा वंदे भारत को लेकर रेल मंत्रालय ने महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि वंदे भारत ट्रेन 81 प्रतिशत 110 किलोमीटर से अधिक गति से चल रही है। रेल गति को बढ़ाने के लिए रेल मंत्रालय की ओर से कई सारे प्रयास किए जा रहे हैं। रेल पटरियों को पहले से अधिक आधुनिक बनाया गया है, जिसमें कई सारे यांत्रिक परिवर्तन भी किए गए हैं।
संसद में पूछे गए प्रश्न पर रेल मंत्री का जवाब
सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की ओर से संसद में रेल मंत्रालय से संबंधित पूछे गए प्रश्न पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। उदयपुर सांसद ने वर्तमान में देश भर के विभिन्न रेलमार्गों पर वंदे भारत जैसी सेमी हाईस्पीड रेलगाड़ियों की औसत परिचालन गति को लेकर प्रश्न किया था। साथ ही यह भी जानकारी मांगी थी कि क्या लूप प्वाइंट, समपारों, मोड़ों और गति सीमा संबंधी प्रतिबंधों के कारण इन रेलगाड़ियों की वास्तविक गति उनकी निर्धारित या नियोजित गति से कम हो जाती है। इसके अतिरिक्त, क्या नवनिर्मित अथवा उन्नत रेल खंडों पर भी वंदे भारत रेलगाड़ियां अपनी नियोजित गति से कम गति से चल रही हैं, इस पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।
डिजाइन और परिचालन गति का तकनीकी ढांचा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि "वर्तमान में भारतीय रेल नेटवर्क पर चल रही वंदे भारत रेलगाड़ियां 180 कि.मी. प्रति घंटे की डिजाइन गति और 160 कि.मी. प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति वाली सेमी-हाई स्पीड रेलगाड़ी सेवाएं हैं।" रेलगाड़ी की औसत गति रेलपथ की ज्यामिति, मार्गवर्ती ठहराव, लूप प्वाइंट, समपारों, मोड़ों और गति सीमा संबंधी प्रतिबंधों जैसे कारकों पर निर्भर करती है। वंदे भारत रेलगाड़ियों की वास्तविक गति उनकी निर्धारित या नियोजित गति के अनुरूप ही बनी रहे, इसके लिए निरंतर तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
