भारतीय रेल ने रचा इतिहास: वंदे भारत एक्सप्रेस से पहली बार सूरत से अहमदाबाद पहुंचा लाइव हार्ट
भारतीय रेल ने पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए सूरत से अहमदाबाद तक जीवित हृदय (लाइव हार्ट) का सफल परिवहन कर इतिहास रच दिया। गुजरात राज्य पुलिस, आरपीएफ और चिकित्सा टीमों के समन्वय से यह समयबद्ध जीवनरक्षक अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

तस्वीर में सुरक्षाकर्मी और मेडिकल टीम अहमदाबाद में एम्बुलेंस के पास लाइव हार्ट से जुड़ा मेडिकल बॉक्स ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
भारतीय रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जीवित हृदय (लाइव हार्ट) का सफलतापूर्वक परिवहन किया। भारतीय रेल, गुजरात राज्य पुलिस और चिकित्सा टीमों के उत्कृष्ट समन्वय से संचालित इस अभियान के तहत एक मरीज के जीवन को बचाने के उद्देश्य से सूरत से अहमदाबाद तक लाइव हार्ट को सुरक्षित और निर्धारित समय में पहुंचाया गया।
लाइव हार्ट को ट्रेन संख्या 20901 मुंबई सेंट्रल–गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए सूरत से अहमदाबाद लाया गया। इसके बाद इसे यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में प्रत्यारोपण के लिए पहुंचाया गया।
इस अत्यंत संवेदनशील और समयबद्ध मिशन को सफल बनाने के लिए अहमदाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 से लेकर यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर तक रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और गुजरात राज्य पुलिस द्वारा ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया गया। इसके माध्यम से अंग को बिना किसी बाधा के निर्धारित समय के भीतर अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
इस जीवनरक्षक अभियान की सफलता में वंदे भारत एक्सप्रेस की गति, समयपालन और विश्वसनीयता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि भारतीय रेल अब केवल यात्रियों और माल परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में भी महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा रही है।
इस ऐतिहासिक मिशन को सफल बनाने में भारतीय रेल के विभिन्न विभागों, गुजरात राज्य पुलिस, चिकित्सकों, अंग प्रत्यारोपण समन्वयकों तथा सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के समन्वित प्रयासों से यह जीवनरक्षक अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
भारतीय रेल की यह उपलब्धि उसकी त्वरित, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाओं के साथ-साथ मानव जीवन की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है और स्वास्थ्य सेवाओं में समन्वित व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
