वडोदरा स्टेशन मेजर ब्लॉक से इंटरसिटी और कोटा एक्सप्रेस प्रभावित
वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बाजवा और छायापुरी से किया जाएगा।

पश्चिम रेलवे ने वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के चलते इंटरसिटी और कोटा एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बाजवा और छायापुरी स्टेशन से करने का निर्णय लिया है।
वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के लिए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा मेजर ब्लॉक लिया जाएगा। इस कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुछ ट्रेनों का टर्मिनेशन और ओरिजिनेशन अब अस्थायी रूप से विश्वामित्री, बाजवा और छायापुरी स्टेशनों से किया जाएगा।
पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार ट्रेन संख्या 19819 वडोदरा–कोटा एक्सप्रेस 18 मई से 30 मई तक छायापुरी स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। इस अवधि में वडोदरा–छायापुरी खंड के बीच ट्रेन का संचालन पूरी तरह निरस्त रहेगा।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19820 कोटा–वडोदरा एक्सप्रेस 17 मई से 29 मई तक छायापुरी स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी। इस दौरान छायापुरी–वडोदरा खंड के बीच ट्रेन का संचालन बंद रहेगा।
वहीं ट्रेन संख्या 19036 अहमदाबाद–वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 18 मई से 30 मई तक बाजवा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी। इस अवधि में बाजवा–वडोदरा खंड के बीच ट्रेन निरस्त रहेगी। दूसरी ओर ट्रेन संख्या 19035 वडोदरा–अहमदाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस 18 मई से 30 मई तक बाजवा स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी और वडोदरा–बाजवा खंड के बीच इसका संचालन बंद रहेगा।
पश्चिम रेलवे द्वारा लिया जा रहा यह मेजर ब्लॉक वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि इस अवधि में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन रेलवे प्रशासन का दावा है कि यह कार्य भविष्य में सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित करेगा।

