वडोदरा मंडल में RPF ने मनाया स्थापना दिवस, 56 यूनिट रक्तदान और पौधे लगाए
रेल सुरक्षा बल ने स्वच्छता अभियान, मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रमों से सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

तस्वीर में दिख रहे RPF जवान साइकिल रैली और वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
वडोदरा मंडल में रेल सुरक्षा बल स्थापना दिवस के अवसर पर सेवा, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेल सुरक्षा बल द्वारा 20 सितम्बर, 2026 को आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण, यात्री जागरूकता, मॉक ड्रिल, साइकिल रैली और खेलकूद प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इस दौरान आरपीएफ कर्मियों ने सेवा, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, यात्री सुरक्षा एवं जनसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आरपीएफ कर्मियों के मनोबल एवं टीम भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।
विभिन्न आरपीएफ पोस्ट एवं बैरकों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। आरपीएफ कर्मियों ने स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेते हुए अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान स्वच्छता एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
मंडल स्तर पर आयोजित रक्तदान शिविर में विभिन्न आरपीएफ पोस्ट के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 56 यूनिट रक्तदान किया गया। आरपीएफ कर्मियों के इस मानवीय एवं सामाजिक सेवा कार्य से जरूरतमंद मरीजों की सहायता में योगदान मिलेगा।
वडोदरा स्थित सरदार नगर रेलवे कॉलोनी में आरपीएफ द्वारा स्वच्छता जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई। गुब्बारे उड़ाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। रैली के दौरान कॉलोनीवासियों को स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
विभिन्न आरपीएफ पोस्ट एवं बैरकों में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आरपीएफ कर्मियों को लगाए गए पौधों एवं वृक्षों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सके।
आरपीएफ कर्मियों ने वडोदरा स्थित दीपक फाउंडेशन में रह रहे बच्चों के साथ भी समय बिताया। दीपक फाउंडेशन बाल कल्याण समिति (CWC) के अंतर्गत संचालित है। इस दौरान बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की गई और उन्हें फल वितरित किए गए। पहल के माध्यम से बच्चों के साथ आत्मीय संवाद एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
आपातकालीन परिस्थितियों में आरपीएफ कर्मियों की सतर्कता एवं तत्परता का आकलन करने के लिए विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान कर्मियों को आपात स्थिति में सजग रहते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए यात्री जागरूकता अभियान भी चलाया गया। बैनर एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से यात्रियों को "मेरी सहेली", "रेलवे हेल्पलाइन 139" तथा नशीले पदार्थ/खाद्य पदार्थों में मिलावट कर यात्रियों को शिकार बनाने की घटनाओं ("जहरखुरानी") से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। विशेष रूप से अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं सावधानी के संबंध में जानकारी दी गई।
आरपीएफ कर्मियों के उत्साह, मनोबल एवं आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल स्तर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
आरपीएफ स्थापना दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से वडोदरा मंडल के सुरक्षा विभाग ने सुरक्षा, सेवा, अनुशासन, स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय संवेदनशीलता के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
