प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 23 मई को प्रातः 11:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के 19वें रोजगार मेले का भव्य शुभारंभ करेंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे और उन्हें संबोधित कर राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देंगे। यह वृहद रोजगार मेला देशभर के 47 विभिन्न स्थलों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में की गई नियुक्तियों के पत्र नवनियुक्त कर्मियों को सौंपे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थी रेल मंत्रालय, संचार मंत्रालय (डाक विभाग), रक्षा मंत्रालय, वित्त मंत्रालय सहित केंद्र सरकार के अन्य प्रमुख विभागों में अपनी सेवाएँ प्रदान करेंगे।

इसी राष्ट्रीय अभियान के क्रम में पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जो वडोदरा स्थित प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी के रेलवे ऑडिटोरियम में संपन्न होगा। इस कार्यक्रम में कुल 85 नवीन चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जिनमें रेलवे विभाग के 15, वित्तीय सेवा विभाग के 50 और डाक विभाग के 20 अभ्यर्थी शामिल हैं। वडोदरा में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 09:30 बजे होगा।

इस समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने वाले प्रमुख अतिथियों में भारत सरकार के केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त सांसद डॉ. हेमांग जोशी, सांसद मितेश पटेल, सांसद राजपालसिंह जादव, सांसद जशुभाई राठवा, सांसद मनसुखभाई वसावा, सांसद देवुसिंह चौहान, सांसद मुकेशकुमार दलाल, सांसद परभुभाई वसावा, विधायक योगेश पटेल, विधायक बालकृष्ण शुक्ला, विधायक मनीषाबेन वकील, विधायक केयुरभाई नारायणदास रोकडीया, विधायक चैतन्य देसाई, विधायक धर्मेंद्रसिंह वाघेला तथा विधायक केतनभाई ईनामदार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को साकार करने की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। यह रोजगार मेला न केवल युवाओं को सशक्त बनाने का माध्यम है, बल्कि उन्हें देश की विकास यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करने का एक सार्थक अवसर भी प्रदान करता है।


Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story