पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में परिचालन क्षमता को सुदृढ़ करने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से वडोदरा रेलवे स्टेशन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य ने गति पकड़ ली है। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों एवं रेलवे इंजीनियरों के साथ वडोदरा स्टेशन यार्ड का गहन निरीक्षण किया और चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों का रेल परिचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और यात्रियों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े। समीक्षा बैठक में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्रीमती रिनी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री सुमित ठाकुर, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर श्री नलिन लोचन गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सिग्नलिंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियर श्री विपुल गुप्ता, उप मुख्य सिग्नलिंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियर श्री अपूर्व तिवारी, मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) परवेज खान तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री आभास समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने बताया कि यार्ड रीमॉडलिंग के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में गुणवत्ता और संरक्षा मानकों के साथ समयबद्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 30 जून को नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य संपन्न किया जाएगा, जिसके पूर्ण होते ही वडोदरा स्टेशन का सिग्नलिंग सिस्टम पूरी तरह से अपग्रेड हो जाएगा। वर्तमान में यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत प्लेटफॉर्म संख्या 4 और 5 के विस्तार का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है, ताकि भविष्य में इन प्लेटफॉर्मों पर 22 कोच वाली ट्रेनों का सुगम संचालन संभव हो सके। उल्लेखनीय है कि प्लेटफॉर्म संख्या 4 की मौजूदा लंबाई 498 मीटर को बढ़ाकर 592 मीटर और प्लेटफॉर्म संख्या 5 की लंबाई 498 मीटर से बढ़ाकर 568 मीटर की जा रही है। इस तकनीकी कार्य के अंतर्गत टर्न आउट, सिग्नल और ओवर हेड वायर की शिफ्टिंग की जा रही है, जिसके चलते वर्तमान में प्लेटफॉर्म संख्या 5 एवं 6 पर ट्रेनों का परिचालन स्थगित रखा गया है। यह यार्ड रीमॉडलिंग और प्लेटफॉर्म विस्तार का कार्य वडोदरा स्टेशन की परिचालन क्षमता को नई ऊंचाई देगा, जो भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक कुशल और बेहतर रेल सेवाएं सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story