वडोदरा स्टेशन यार्ड रीमॉडलिंग तेज़ी से प्रगति पर, एकतानगर की कई साप्ताहिक ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
वडोदरा स्टेशन पर चल रहे बड़े यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण 23 जून से 1 जुलाई 2026 तक एकतानगर की कई साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी। यात्रियों के लिए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की है।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में चल रही व्यापक यार्ड रीमॉडलिंग और ट्रैक इंफ्रास्ट्रक्चर आधुनिकीकरण परियोजना के तहत रेलवे ने एक महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत कर दी है। स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने और भविष्य की रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से प्लेटफॉर्म संख्या 5 और 6 पर पॉइंट एवं क्रॉसओवर स्थापित करने का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस कारण 23 जून 2026 से इन दोनों प्लेटफॉर्मों पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करते हुए वैकल्पिक परिचालन व्यवस्था लागू की है। इसी क्रम में एकतानगर से संचालित होने वाली कुछ साप्ताहिक ट्रेनों को वडोदरा स्टेशन तक लाने के बजाय परिवर्तित मार्ग डभोई–कायावरोहन–मियागाम कर्जन होकर चलाया जाएगा। वहीं कुछ ट्रेनों के ठहराव को वडोदरा स्टेशन से हटाकर शहर के परिवहन नेटवर्क से जुड़े विश्वामित्री, छायापुरी और बाजवा स्टेशनों पर स्थानांतरित किया गया है।
वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार यह महत्वाकांक्षी परियोजना रेलवे की परिचालन संरक्षा को और मजबूत करेगी। इसके साथ ही लाइन एवं प्लेटफॉर्म क्षमता में वृद्धि, ट्रेन संचालन की दक्षता में सुधार तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 23 जून से 1 जुलाई 2026 के बीच एकतानगर–वाराणसी सुपरफास्ट, एकतानगर–पुरैची थलाइवर डॉ. एमजीआर सेंट्रल सुपरफास्ट तथा एकतानगर–रीवा सुपरफास्ट सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग डभोई–प्रतापनगर–वडोदरा के बजाय डभोई–कायावरोहन–मियागाम कर्जन मार्ग से संचालित होंगी। इसी प्रकार वापसी दिशा में चलने वाली वाराणसी–एकतानगर, रीवा–एकतानगर तथा पुरैची थलाइवर डॉ. एमजीआर सेंट्रल–एकतानगर सुपरफास्ट ट्रेनों को भी वडोदरा, प्रतापनगर और डभोई के स्थान पर मियागाम कर्जन–कायावरोहन–डभोई मार्ग से चलाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यार्ड रीमॉडलिंग कार्य पूर्ण होने के बाद वडोदरा स्टेशन की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे भविष्य में अधिक ट्रेनों का सुचारु संचालन संभव हो सकेगा। फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग और ठहराव संबंधी जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
