महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सतर्कता से संभावित रेल दुर्घटनाएं टालने वाले पॉइंट्समैन, लोको पायलट और टेक्नीशियन को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया।

वडोदरा, 18 मई 2026: पश्चिम रेलवे के अंतर्गत वडोदरा मंडल में रेल संचालन के दौरान असाधारण सतर्कता और सजगता का परिचय देते हुए संभावित दुर्घटनाओं को टालने वाले तीन कर्मचारियों को महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय द्वारा संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मार्च 2026 के दौरान ड्यूटी पर रहते हुए प्रदर्शित की गई सतर्कता और समय रहते गंभीर घटनाओं को रोकने में निभाई गई अहम भूमिका के लिए प्रदान किया गया।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे संचालन में संरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी की सतर्कता निर्णायक भूमिका निभाती है।

पहला मामला वडोदरा मंडल के खरसालिया में कार्यरत पॉइंट्समैन श्री संजय कुमार का है, जिन्होंने 23.03.2026 को ड्यूटी के दौरान खरसालिया यार्ड में गुजर रही एक गुड्स ट्रेन के निरीक्षण के समय इंजन के दूसरे वैगन के ऑक्सिलरी रिजर्वायर में असामान्य कंपन देखा। ऑफ-साइड पॉइंट्समैन द्वारा तत्काल सूचना देने पर स्टेशन मास्टर खरसालिया ने गोधरा स्टेशन मास्टर को “स्टॉप एंड एग्जामिन” सिग्नल जारी किया। जांच में पाया गया कि संबंधित वैगन के ऑक्सिलरी रिजर्वायर की सभी फिटिंग्स टूट चुकी थीं और वह अत्यंत असुरक्षित स्थिति में था, जो किसी भी समय गिर सकता था या लटक सकता था। कैरेज एंड वैगन स्टाफ द्वारा तत्काल दोषपूर्ण भाग हटाकर संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में श्री संजय कुमार की सतर्कता निर्णायक साबित हुई।

दूसरे मामले में सहायक लोको पायलट श्री सुरेश फरशवाल, जो वडोदरा लॉबी में कार्यरत हैं, ने 03.03.2026 को एमएमबीडी (साबरमती गार्ड) में गार्ड ड्राइवर रिपोर्ट (GDR) जांच के दौरान एक वैगन में आगे और पीछे की ट्रॉली के पीयू पैड के बीच गैप पाया। उन्होंने तत्काल एलपी/सीटीओ/सीटीएलसी-एडीआई को सूचित किया, जिसके बाद कैरेज एंड वैगन विभाग की जांच में वैगन को आगे की यात्रा के लिए अनुपयुक्त पाया गया। उसे साबरमती यार्ड में अलग कर दिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।

तीसरे मामले में वरिष्ठ टेक्नीशियन श्री असिब हुसेन ए. मलेक ने 26.02.2026 को वैगन VVNH-1 के प्राथमिक रखरखाव के दौरान निरीक्षण में पाया कि दूध टैंक के ऊपरी भाग के सोलबार फ्रेम से पहिए के फ्लैंज का गंभीर रगड़ हो रहा था, जो अत्यंत खतरनाक स्थिति थी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए संबंधित वैगन को मरम्मत हेतु “सिक” चिन्हित किया। इस कार्रवाई से संभावित पटरी से उतरने की घटना को समय रहते टाल दिया गया।

इन तीनों कर्मचारियों की त्वरित निर्णय क्षमता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते रेल संचालन में एक बड़ी संभावित दुर्घटना टल गई। यह सम्मान रेलवे संरक्षा प्रणाली में मानवीय सजगता की अहम भूमिका को रेखांकित करता है, जिससे यात्रियों, कर्मचारियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story