वडोदरा। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके के कुशल मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) की पहल के फलस्वरूप चांपानेर स्टेशन स्थित गुड्स शेड से पहली बार प्लाईवुड की सफल लोडिंग सुनिश्चित की गई है। परिचालन विभाग का यह कदम गैर-पारंपरिक और उच्च मूल्य वाली माल ढुलाई को बढ़ावा देने की दिशा में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिचालन विभाग की निरंतर निगरानी के तहत चांपानेर गुड्स शेड को 01 मई 2026 को बाह्य प्लाईवुड यातायात के लिए अधिसूचित किया गया था। इस अधिसूचना के तुरंत बाद 06 मई 2026 को 02 बोगी कवर्ड न्यूमैटिक (एयर) ब्रेक वैगन (BCNA) के लिए इंडेंट प्राप्त हुआ और 07 मई 2026 को प्लाईवुड की पहली खेप की लोडिंग सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वडोदरा मंडल के माल व्यवसाय के इतिहास में यह पहली बार है जब प्लाईवुड जैसी नई कमोडिटी को शामिल कर नए व्यापारिक अवसरों के द्वार खोले गए हैं।

यह विशेष मालगाड़ी चांपानेर से रवाना होकर दक्षिण पश्चिम रेलवे के व्हाइटफील्ड सैटेलाइट गुड्स टर्मिनल (SGWF) तक लगभग 1528 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करेगी। इस सफल परिवहन संचालन से रेलवे को लगभग ₹2.3 लाख का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है। उच्च मूल्य वाले गैर-बल्क कमोडिटी श्रेणी में वडोदरा मंडल का यह प्रवेश न केवल लंबी दूरी की माल ढुलाई में राजस्व वृद्धि को बल देगा, बल्कि भविष्य के लिए एक सुदृढ़ आधार भी तैयार करेगा। मंडल द्वारा ग्राहक-केंद्रित आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से नए व्यापारिक क्षेत्रों को आकर्षित करने के निरंतर प्रयासों ने रेलवे की इस दक्षता और व्यावसायिक दूरदर्शिता को पुनः प्रमाणित किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story