पश्चिम रेलवे वडोदरा मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित
डीआरएम राजू भडके की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने और सुमित्रानंदन पंत को श्रद्धांजलि देने पर चर्चा की गई।

पश्चिम रेलवे वडोदरा मंडल में आयोजित राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वडोदरा, 26 मई, 2026: पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन दिनांक 25 मई, 2026 को मंडल रेल प्रबंधक एवं समिति के अध्यक्ष श्री राजू भडके की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान हिंदी साहित्य के दिग्गज सुमित्रानंदन पंत की जयंती का पावन स्मरण करते हुए राजभाषा प्रश्न-मंच का आयोजन भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने हिंदी साहित्यकार सुमित्रानंदन पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। तदुपरांत, उन्होंने मूल हिंदी टिप्पण आलेखन पुरस्कार योजना 2024-25 के विजेता कर्मचारियों को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने स्पष्ट किया कि सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी का प्रयोग मात्र एक नियम नहीं, बल्कि हमारा संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने सभी शाखा अधिकारियों को सरल हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को पत्राचार तथा ई-ऑफिस में हिंदी नोटिंग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि राज्य सरकार से प्राप्त सभी पत्रों का उत्तर हिंदी में ही दिया जाए।
अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नीरज धमीजा ने सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने वार्षिक कार्यक्रम के लक्ष्यों के अनुरूप पत्राचार, नोटिंग, फाइलों एवं रजिस्टरों में द्विभाषी शीर्षकों का प्रयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने सभी कार्यालयों को हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रबड़ मोहरों और नाम पट्टों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के निर्देश दिए।
मंडल के प्रभारी अधिकारी (राजभाषा) एवं मंडल संरक्षा अधिकारी श्री नवीन यादव ने दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की हिंदी प्रगति की विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की और वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने सुमित्रानंदन पंत जी के जीवन एवं हिंदी साहित्य में उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित किया। साथ ही, भारतीय रेल विषयक राजभाषा प्रश्न-मंच का संचालन कर विजेताओं को स्मृति-चिह्न प्रदान किए। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ अनुवादक श्री गुरु प्रसाद जोशी ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित मंडल के वरिष्ठ शाखा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
