वडोदरा मंडल कार्यालय में विशेष सतर्कता अभियान के तहत पश्चिम रेलवे के विजिलेंस अधिकारियों ने दौरा कर अधिकारियों और सीनियर सुपरवाइजर के साथ संवाद किया। केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशानिर्देशों पर तीन माह तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नरेंद्र पाटिल के नेतृत्व में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को यह दौरा किया गया।

इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके की उपस्थिति में मंडल के अधिकारियों एवं सीनियर सुपरवाइजर के साथ कॉन्फ्रेंस हॉल में संवाद बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन में सतर्कता, पारदर्शिता एवं जागरूकता को और सुदृढ़ करना तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से सतर्कता संबंधी उपायों को प्रभावी रूप से बढ़ावा देना रहा।


संवाद बैठक में पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नरेंद्र पाटिल ने मंडल के सभी अधिकारियों से अपने कार्य में प्रिवेंटिव चेक करने की नैसर्गिक आदत विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अधिकारी सेफ्टी सुनिश्चित करने पर ध्यान देते हैं, उसी तरह कार्य में विजिलेंस के पहलू को भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

नरेंद्र पाटिल ने टेक्नोलॉजी के उपयोग से पारदर्शिता को और बेहतर तरीके से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि बड़े वॉल्यूम में उपलब्ध डाटा में से आवश्यक डाटा को स्कैनर या किसी ऐप के माध्यम से हासिल किया जा सकता है।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही, डिजिटलीकरण एवं प्रभावी निगरानी को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विभागों में अनेक महत्वपूर्ण सिस्टम सुधार एवं नवाचार लागू किए हैं। इन पहलों का उद्देश्य प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित, ट्रेसेबल एवं उत्तरदायी बनाना तथा मैनुअल हस्तक्षेप को न्यूनतम करते हुए कार्य निष्पादन की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार करना है।

उन्होंने सभी अधिकारियों को वित्तीय लेनदेन संबंधी गतिविधियों में दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करने और प्रिवेंटिव चेक के दौरान आवश्यक चीजों को ओवरलुक नहीं करने की सलाह दी। साथ ही अधिकारियों से अपने वित्तीय कार्य के दौरान अधिक चौकन्ना और सतर्क रहने को कहा।

संवाद बैठक में मंडल के सभी विभागों के विभागाध्यक्षों ने कार्य में पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए उठाए गए कदमों पर प्रेजेंटेशन दिया। इसमें आउटसोर्सिंग कार्यों के लिए मासिक बिलिंग प्रणाली, Government e-Marketplace (GeM) के माध्यम से सामग्री एवं सेवाओं की खरीद, पार्सल कार्यालयों में 100 प्रतिशत डिजिटल कार्यप्रणाली और डिजिटल भुगतान आधारित टिकटिंग की जानकारी दी गई।

इसके अलावा कैटरिंग इकाइयों पर QR Code के माध्यम से अनुमोदित वस्तुओं एवं दरों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रवर्तन कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ाने के लिए Body Worn Cameras के उपयोग सहित विभिन्न पहलों से वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी नरेंद्र ए. पाटिल को अवगत कराया गया।

वडोदरा मंडल द्वारा किए जा रहे ये प्रयास “Digital, Transparent and Accountable Working” की दिशा में निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। विभिन्न विभागों में डिजिटल तकनीक, मानकीकृत प्रक्रियाओं, दस्तावेजीकरण, डेटा-आधारित निगरानी एवं स्वतंत्र सत्यापन के माध्यम से कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story