भारी वर्षा में वडोदरा मंडल का 'Passenger First' अभियान: यात्रियों को मिली हरसंभव सहायता
वडोदरा मंडल में भारी वर्षा के चलते प्रभावित हुए रेल परिचालन के बीच यात्रियों को कैसे मिली राहत? अंकलेश्वर और भरूच स्टेशन पर रेल प्रशासन के 'पैसेंजर फर्स्ट' अभियान और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

तस्वीर में रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क संचालित करते कर्मचारी, ट्रेन के भीतर यात्री को जलपान देते कर्मी और एक बच्चा हाथ में बिस्किट का पैकेट लिए बैठा है।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने पिछले दिनों हुई भारी वर्षा और उससे उत्पन्न परिचालन संबंधी चुनौतियों के बीच अपने 'पैसेंजर फर्स्ट, ऑलवेज' संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके के मार्गदर्शन में वडोदरा मंडल की टीमों ने अंकलेश्वर और भरूच रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए। मुंबई मंडल के नालासोपारा-विरार रेल खंड पर जलजमाव के कारण प्रभावित हुए रेल परिचालन का असर वडोदरा मंडल पर भी पड़ा, जिसके चलते कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट करना पड़ा। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में वडोदरा मंडल ने यात्रियों को राहत देने के लिए हरसंभव प्रयास किए।
अंकलेश्वर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग, आरपीएफ, जीआरपी और स्टेशन प्रबंधन ने आपसी समन्वय से राहत कार्य संचालित किए। यहाँ लगभग 200 से अधिक यात्रियों को सूरत जाने वाली ट्रेनों में समायोजित किया गया। वैकल्पिक परिवहन के लिए जीएसआरटीसी की बसों को स्टैंडबाय पर रखा गया था। यात्रियों के लिए चार विशेष काउंटर खोले गए और 14 से अधिक वाणिज्यिक कर्मचारियों को तैनात किया गया। वाणिज्य विभाग ने 700 से अधिक रिफ्रेशमेंट पैकेट, मुरमुरा और बिस्कुट वितरित किए।
भरूच रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों के लिए विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई और लगभग 250 यात्रियों को ट्रेन संख्या 19012 से ट्रेन संख्या 22195 में स्थानांतरित कर उनकी यात्रा सुगम बनाई गई। रिफंड के लिए अतिरिक्त काउंटर खोले गए और स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से जलपान की व्यवस्था की गई। यात्रियों को गुजराती, हिंदी और अंग्रेजी में नियमित घोषणाओं के माध्यम से अद्यतन जानकारी दी गई। इस अभियान के दौरान मंडल के रेल कर्मचारियों ने समर्पण और संवेदनशीलता का परिचय दिया, जिससे प्रभावित यात्रियों को समय पर सहायता मिली और उनकी यात्रा सुरक्षित सुनिश्चित हो सकी। वडोदरा मंडल प्रतिकूल परिस्थितियों में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
