वडोदरा। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने वडोदरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और स्मार्ट स्टेशन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डिजिटल एक्सेस बोर्ड तथा बैटरी ऑपरेटेड कार्ट सेवा का उद्घाटन किया। इस सुविधा का उद्घाटन माननीय सांसद डाॅ. हेमांग जोशी ने किया। इस अवसर पर वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने उद्घाटन अवसर पर कहा कि यात्रियों के लिए वडोदरा स्टेशन पर दो नई महत्वपूर्ण सुविधाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने बताया कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड अपने आप में सेल्फ एक्सप्लेनट्री है, जहां यात्रियों को स्टेशन की एंट्री पर ही स्टेशन की सभी सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए प्रोजेक्ट “सारथी” के तहत शुरू की गई इलेक्ट्रिक कार्ट सेवा देश में इस प्रकार की पहली सेवा है, जिसकी शुरुआत वडोदरा स्टेशन पर की गई है। सांसद ने यात्रियों की सुविधा से जुड़ी इन दोनों पहलों के लिए मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके और उनकी टीम को धन्यवाद दिया। इस दौरान उन्होंने लाइसेंस सहायकों से भी मुलाकात की और कहा कि उनके हितों की रक्षा सर्वोपरि है। साथ ही उन्हें हरसंभव मदद और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक स्टेशन सेवाओं की दिशा में वडोदरा मंडल की यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को अब अत्यंत सुगम तरीके से यह जानकारी मिल सकेगी कि रेल सुरक्षा बल कार्यालय, टिकट विंडो और लिफ्ट जैसी सुविधाएं कहां स्थित हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक कार्ट एक महत्वपूर्ण सुविधा है, जिसका छोटा आकार इसे लिफ्ट के भीतर जाने योग्य बनाता है। इससे वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजन यात्रियों को उनकी ट्रेन तक पहुंचाने में विशेष सहायता मिलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि डिजिटल एक्सेस बोर्ड सुविधा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत स्थापित की गई है। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही को अधिक सरल, सुविधाजनक और तनावमुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि वडोदरा स्टेशन पर स्थापित यह डिजिटल एक्सेस बोर्ड यात्रियों के लिए स्मार्ट सूचना केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जिसमें स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं, प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन सुविधाओं, पार्किंग, फूड स्टॉल, सुरक्षा सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की स्पष्ट एवं आसान जानकारी उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और पहली बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

नरेन्द्र कुमार ने बताया कि आधुनिक बैटरी चालित कार्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह केवल प्लेटफॉर्म नंबर 1 तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों तक कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इससे यात्रियों को अधिक सुविधा और सहज आवागमन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेगी और यात्रियों के आरामदायक सफर में सहायक बनेगी।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा अपनाई जा रही ये आधुनिक और यात्री-केंद्रित पहलें न केवल स्टेशन पर यात्री अनुभव को बेहतर बनाएंगी, बल्कि रेलवे के डिजिटल परिवर्तन और स्मार्ट स्टेशन विकास की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को भी मजबूत करेंगी। साथ ही ऐसी पहलों से रेलवे को गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में वृद्धि होने की संभावना भी जताई गई है। पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक, सुलभ और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story