प्रतापनगर-एकता नगर रेलखंड का डीआरएम राजू भडके ने किया निरीक्षण, एकता दिवस पर शुरू होगा बजट होटल
राजू भडके ने प्रतापनगर–एकता नगर रेलखंड और निर्माणाधीन बजट होटल का निरीक्षण किया। एकता दिवस पर होटल शुरू करने की योजना है।

तस्वीर में वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके और अन्य अधिकारी एकता नगर में आईआरसीटीसी के निर्माणाधीन बजट होटल तथा प्रतापनगर-एकता नगर रेलखंड पर कार्यों का निरीक्षण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रतापनगर–एकता नगर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डभोई बाईपास पर निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्म, डभोई–प्रतापनगर के बीच स्थित ब्रिज संख्या 58 के संरक्षा मानकों और एकता नगर में आईआरसीटीसी द्वारा निर्माणाधीन बजट होटल के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ डभोई बाईपास पर नए प्लेटफॉर्म के निर्माण की प्रगति का अवलोकन किया। यह नया प्लेटफॉर्म वडोदरा और एकता नगर खंड पर संचालित ट्रेनों में डभोई बाईपास से यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा को सुगम बनाएगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
डभोई बाईपास पर नए प्लेटफॉर्म के साथ नए स्टेशन भवन का भी निर्माण किया जा रहा है। यह स्टेशन भवन जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। इसके निर्माण से एकता नगर आने-जाने वाले यात्रियों को आधुनिक और बेहतर यात्री सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, देश के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाले यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
श्री भडके ने डभोई–एकता नगर रेलखंड पर स्थित ब्रिज संख्या 58 का भी संरक्षा निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को संरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक श्री भडके ने एकता नगर में आईआरसीटीसी द्वारा निर्माणाधीन बजट होटल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर आईआरसीटीसी के ग्रुप जनरल मैनेजर श्री गौरव झा ने उन्हें होटल के निर्माण कार्यों की प्रगति और विकसित की जा रही यात्री-केंद्रित सुविधाओं की जानकारी दी।
यह बजट होटल रेल मंत्रालय की सतत निगरानी में विकसित किया जा रहा है तथा एकता दिवस के अवसर पर इसे यात्रियों के लिए प्रारंभ किए जाने की योजना है। होटल शुरू होने के बाद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को किफायती, आरामदायक और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा। इससे यात्रियों की यात्रा अधिक सहज होगी तथा एकता नगर में उनके समग्र पर्यटन अनुभव में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को शीघ्र ही आधुनिक और बेहतर रेल अवसंरचना तथा विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
