पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में 29 अगस्त से 09 सितंबर 2026 तक चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान के दूसरे दिन सफाई मित्रों को मास्क, दस्ताने और जैकेट सहित प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट वितरित किए गए। इसके साथ ही वडोदरा और गोधरा में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर सफाई मित्रों एवं संविदा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।

मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के साथ रेलवे परिसरों में स्वच्छता, सुरक्षा और जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।

वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को वडोदरा एवं गोधरा स्थित मंडल चिकित्सालय/स्वास्थ्य इकाइयों में सफाई मित्र सुरक्षा एवं वेलनेस चेक-अप कैंप आयोजित किए गए। शिविरों में सफाई मित्रों और अन्य संविदा कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया गया।

वडोदरा में आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में मंडल चिकित्सालय स्टाफ एवं कॉलोनी में कार्यरत संविदा सफाई कर्मचारियों सहित कुल 26 प्रतिभागियों की जांच की गई। जांच के दौरान एक पुराने डायबिटीज मेलिटस मामले और एक नए हाइपरटेंशन मामले की पहचान हुई। संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई।

गोधरा हेल्थ यूनिट में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा शिविर में कुल 27 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। यहां हाइपरटेंशन का एक पुराना मामला तथा हाइपोथायरॉयडिज्म का एक पुराना मामला पाया गया। इस दौरान हाइपरटेंशन, डायबिटीज या हाइपोथायरॉयडिज्म का कोई नया मामला सामने नहीं आया। शिविर का आयोजन डॉ. जुबेर पटेल सहित चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों द्वारा किया गया।

विशेष स्वच्छता अभियान के तहत एकतानगर रेलवे स्टेशन पर सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पराग अध्यापक के नेतृत्व में सफाई मित्रों एवं ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों के लिए स्वच्छता शपथ और स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टेशन पर कार्यरत सभी विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे और कुल 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

डॉ. पराग अध्यापक ने सफाई मित्रों को दैनिक कार्य के दौरान दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते और फ्लोरोसेंट जैकेट सहित आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने पर विशेष जोर दिया।

स्टेशन अधीक्षक, एकतानगर ने सफाई मित्रों को कचरा प्रबंधन उपकरणों और सुरक्षा साधनों के सुरक्षित उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही, गाड़ियों के आवागमन के दौरान ट्रैक पर सफाई कार्य करते समय विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।

एकतानगर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित जगदीश फूड प्लाजा में खाना पकाने वाले कर्मचारियों एवं फूड हैंडलर्स के लिए भी विशेष स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता सत्र आयोजित हुआ। डॉ. पराग अध्यापक ने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित प्रबंधन के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ रहने के महत्व पर प्रकाश डाला। CHI-DB श्री अजित चक्रवर्ती ने सही तरीके से हाथ धोने, स्वच्छ यूनिफॉर्म पहनने, सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव की जानकारी दी।

अभियान के तहत वडोदरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में भी रेलकर्मियों, सफाई कर्मियों एवं अन्य हितधारकों की सहभागिता से स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। यात्रियों और आमजन को रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

वडोदरा मंडल द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान में सफाई के साथ सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को भी प्रमुखता दी जा रही है। मंडल ने सभी रेलकर्मियों, यात्रियों, सफाई मित्रों, वेंडरों, कुलियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ रेलवे परिसरों के निर्माण में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story