पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में यात्री सुविधाओं, स्टेशन पुनर्विकास कार्यों और रेल परिचालन की संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने प्रतापनगर-अलीराजपुर रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छोटा उदयपुर, अलीराजपुर, बोडेली और डभोई रेलवे स्टेशनों का दौरा कर विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और रेलवे परिसरों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया।

पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने अलीराजपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन परिसर और रेलवे कॉलोनी का अवलोकन किया। उन्होंने रेलवे की आधारभूत सुविधाओं, उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, रखरखाव और परिसर की समग्र स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, व्यवस्थित रखरखाव करने और कर्मचारियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने छोटा उदयपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्टेशन पुनर्विकास के दौरान यात्रियों की सुविधाओं, सुगम आवागमन और बेहतर यात्री अनुभव को प्राथमिकता दी जाए।

मंडल रेल प्रबंधक ने बोडेली रेलवे स्टेशन पर भी यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण किया। वहीं, डभोई रेलवे स्टेशन स्थित हेरिटेज पार्क का दौरा कर उसके रखरखाव और सौंदर्यीकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर और विरासत से संबंधित स्थलों के संरक्षण तथा उनके व्यवस्थित रखरखाव पर जोर दिया।

स्टेशनों के निरीक्षण के साथ ही राजू भडके ने अलीराजपुर-प्रतापनगर रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर स्थित पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग, समपार फाटकों (लेवल क्रॉसिंग गेट), पुलों और अन्य महत्वपूर्ण रेल संरचनाओं के साथ परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रेलखंड की संरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधारात्मक और निवारक उपाय समय पर लागू करने को कहा, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय बना रहे।

वडोदरा मंडल में किए गए इस निरीक्षण के तहत स्टेशन पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं, रेलवे परिसरों के रखरखाव, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और रेलखंड की संरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इससे मंडल में रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव और सुरक्षित एवं दक्ष रेल परिचालन सुनिश्चित करने पर दिए जा रहे जोर का पता चलता है।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story