वडोदरा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल ने विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा, संरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 18 नवंबर 2026 को अलीराजपुर रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जनजागरूकता एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रेलवे नियमों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित रेल यात्रा और रेलवे संपत्ति के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।

वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में वडोदरा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नीरज धमीजा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा आयुक्त श्री फ्रांसिस लोबो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। श्री धमीजा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इनके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में ग्राम सेजा के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय तथा ग्राम हरसवाट के माध्यमिक विद्यालय के लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पदक प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियम सरल भाषा में समझाए। उन्हें स्पष्ट रूप से बताया गया कि शॉर्टकट अपनाने के लिए कभी भी रेलवे ट्रैक पार नहीं करना चाहिए। चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकना और रेलवे ट्रैक पर पत्थर अथवा अन्य वस्तुएं रखना भी खतरनाक है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को स्टेशन एवं रेल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।

वडोदरा मंडल के सुरक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस तरह के जनजागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही रेलवे सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय संपत्ति के संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। अलीराजपुर स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित रेल परिचालन में नागरिकों की भूमिका और रेलवे नियमों के पालन का महत्व समझाया गया।

Naresh Ameta (Mumbai)

Naresh Ameta (Mumbai)

नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।

Next Story