वडोदरा, 2 जुलाई। पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के चिकित्सा विभाग ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत प्रतापनगर रेलवे कॉलोनी स्थित विद्या मंदिर में पल्स पोलियो टीकाकरण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया। अभियान का उद्देश्य पाँच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की खुराक उपलब्ध कराना था।

वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिविर में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाई। स्वास्थ्य इकाई के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बच्चों का टीकाकरण करने के साथ-साथ अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक भी किया।

अभियान के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो, लेकिन पड़ोसी देश पाकिस्तान में वाइल्ड पोलियो वायरस अभी भी सक्रिय है। अंतरराष्ट्रीय आवागमन के कारण इसके पुनः फैलने की आशंका बनी रहती है। इसलिए प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान पाँच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को, पूर्व में टीकाकरण हो चुका होने पर भी, ओरल पोलियो वैक्सीन की दो बूंदें अवश्य पिलानी चाहिए, ताकि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता सुदृढ़ बनी रहे और देश पोलियो मुक्त बना रहे।

वडोदरा मंडल का चिकित्सा विभाग बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य अभियानों के सफल संचालन हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। यह अभियान पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story