वडोदरा मंडल चिकित्सालय को मिला NABH प्रमाणन, भारतीय रेलवे में बना पहला अस्पताल
पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल चिकित्सालय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने वाला भारतीय रेलवे का पहला मंडलीय अस्पताल बन गया है।

तस्वीर में वडोदरा मंडल का मंडल चिकित्सालय दिखाई दे रहा है, जिसे हाल ही में NABH एंट्री लेवल प्रमाणन प्राप्त हुआ है.
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल स्थित मंडल चिकित्सालय ने नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (NABH) का एंट्री लेवल हॉस्पिटल प्रमाणन प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही वडोदरा मंडल का मंडल चिकित्सालय भारतीय रेलवे में गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करने वाला पहला मंडलीय अस्पताल (HCO) बन गया है।
वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री दिनेश मोहन के नेतृत्व में हासिल हुई यह उपलब्धि रेलवे लाभार्थियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मंडल चिकित्सालय, वडोदरा में सामान्य चिकित्सा, सामान्य शल्य चिकित्सा, प्रसूति एवं स्त्री रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, नाक-कान-गला रोग (ईएनटी), बाल रोग और एनेस्थीसिया सहित विभिन्न प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञताओं के अंतर्गत उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं। अस्पताल में नैदानिक जांच, प्रयोगशाला, फार्मेसी, रक्त आधान और फिजियोथेरेपी जैसी सहायक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
NABH एंट्री लेवल हॉस्पिटल प्रमाणन अस्पताल की ओर से निर्धारित गुणवत्ता मानकों और आवश्यकताओं के अनुपालन को मान्यता प्रदान करता है। यह प्रमाणन चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता मजबूत करने, मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बेहतर क्लिनिकल प्रैक्टिस को बढ़ावा देने और निर्धारित NABH मानकों का पालन करने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
इस उपलब्धि को हासिल करने में अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारियों और अन्य सहयोगी कर्मचारियों के समर्पण, प्रतिबद्धता तथा सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वडोदरा मंडल चिकित्सालय को NABH एंट्री लेवल प्रमाणन मिलना वडोदरा मंडल और पश्चिम रेलवे के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि चिकित्सा विभाग के निरंतर प्रयासों को मान्यता देने के साथ ही रेलवे लाभार्थियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर में लगातार सुधार सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
