वडोदरा मंडल: रेलवे ने 100 वर्ष पूर्ण करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी को सम्मानित किया
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने पूर्व अकाउंट असिस्टेंट उमेदभाई बेचरभाई पटेल के 100 वर्ष पूर्ण होने पर प्रतापनगर कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया।

वडोदरा मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके (दाएं) प्रतापनगर कार्यालय में सेवानिवृत्त अकाउंट असिस्टेंट उमेदभाई बेचरभाई पटेल को उनके 100वें जन्मदिन पर प्रशस्ति-पत्र भेंट करते हुए।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल ने आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रतापनगर में एक भावपूर्ण एवं गरिमामय समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री उमेदभाई बेचरभाई पटेल के शतायु जीवन पूर्ण करने की ऐतिहासिक उपलब्धि को विशेष सम्मान दिया। वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक कार्यालय, वडोदरा से अकाउंट असिस्टेंट के पद से सेवानिवृत्त हुए श्री उमेदभाई बेचरभाई पटेल का 100 वर्ष का जीवन पूर्ण करना रेलवे परिवार के लिए अत्यंत गौरव एवं प्रेरणा का विषय है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने जिस निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ रेलवे को अपनी सेवाएं दीं, वह आज के कर्मचारियों के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, वडोदरा श्री राजू भडके ने श्री पटेल को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्री आर्य किर्णेन्दु ने भी श्री पटेल का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की सराहना की। सम्मान समारोह के दौरान श्री पटेल ने रेलवे सेवा के अपने संस्मरण साझा किए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यकाल की स्मृतियों से रूबरू कराते हुए अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक जीवनशैली के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नीरज धमीजा एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अविनाश कुमार सहित लेखा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वडोदरा मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक सम्मान समारोह था, बल्कि यह एक शतायु व्यक्ति के अनुभव और रेलवे सेवा के प्रति उनके समर्पण को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम भी बना, जो सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
