वडनगर रेलवे स्टेशन बना विरासत और आधुनिकता का संगम, अंबाजी तक रेल कनेक्टिविटी का काम तेज
गुजरात के ऐतिहासिक वडनगर रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं और विरासत का संगम देखने को मिल रहा है। स्वदेशी मेला-2026 में 6,000 यात्रियों की आवाजाही के बीच अंबाजी और आबू रोड तक रेल कनेक्टिविटी का विस्तार भी तेज हुआ है।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल अंतर्गत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक वास्तुकला के अनुरूप विकसित वडनगर रेलवे स्टेशन का मुख्य भवन, जहां से क्षेत्रीय रेल संपर्क व पर्यटन को गति मिल रही है।
गुजरात का ऐतिहासिक शहर वडनगर अब अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिक रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल की ओर से वडनगर रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित करने के साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देने के लिए रेल नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में वडनगर से अंबाजी और आगे राजस्थान के आबू रोड तक रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
30 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक वडनगर में आयोजित स्वदेशी मेला-2026 के दौरान लगभग 6,000 यात्रियों ने वडनगर रेलवे स्टेशन से रेल यात्रा की। इस दौरान यात्रियों की आवाजाही ने स्थानीय मेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों, हस्तशिल्प, हथकरघा और ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों को बढ़ावा देने में रेल परिवहन की भूमिका को रेखांकित किया। ऐसे आयोजनों के माध्यम से वडनगर को देश के अन्य क्षेत्रों से जोड़ने में रेलवे की उपयोगिता भी सामने आई।
महेसाणा–वरेठा ब्रॉडगेज रेल लाइन के अंतर्गत विकसित वडनगर रेलवे स्टेशन क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी का महत्वपूर्ण केंद्र है। वर्ष 2021 में महेसाणा–वरेठा के 55 किलोमीटर लंबे रेलखंड का आमान परिवर्तन ₹293.14 करोड़ की लागत से पूरा किया गया था। इसके विद्युतीकरण पर ₹74.66 करोड़ खर्च किए गए। इस तरह पूरी रेल परियोजना पर कुल ₹367.80 करोड़ की लागत आई।
इस रेलखंड पर कुल 10 स्टेशन हैं। इनमें वडनगर, विसनगर, खेरालू और वरेठा में नए स्टेशन भवन विकसित किए गए हैं। इस रेल संपर्क के माध्यम से वडनगर को महेसाणा के रास्ते अहमदाबाद–दिल्ली ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है।
फिलहाल वडनगर से तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें वरेठा–गांधीनगर कैपिटल मेमू (69208/69207), वडनगर–वलसाड सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20960/20959) और वडनगर–बांद्रा टर्मिनस लोकशक्ति एक्सप्रेस (19018/19017) शामिल हैं।
वडनगर रेलवे स्टेशन की वास्तुकला को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप तैयार किया गया है। स्टेशन भवन में पत्थर की नक्काशी, विशेष प्रवेश और निकास द्वार तथा व्यवस्थित लैंडस्केपिंग के माध्यम से स्थानीय विरासत को दर्शाया गया है।
यात्रियों के लिए स्टेशन पर 425 मीटर लंबे दो प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट, कैफे सहित वेटिंग रूम, सामान्य और महिला यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रतीक्षालय, शौचालय तथा पेयजल की सुविधा उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर 529.20 वर्ग मीटर का प्लेटफॉर्म कवर शेड भी बनाया गया है। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप, शौचालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वडनगर–मोढेरा–पाटन हेरिटेज सर्किट से रेल कनेक्टिविटी का जुड़ाव भी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
वडनगर और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए तारंगाहिल–अंबाजी–आबू रोड नई रेल लाइन परियोजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, वरेठा से अंबाजी तक प्रस्तावित रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से भविष्य में इस क्षेत्र को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाएं मजबूत होंगी।
तारंगाहिल–अंबाजी–आबू रोड रेल लाइन लगभग 117 किलोमीटर लंबी परियोजना है। इसे वर्ष 2022-23 में लगभग ₹3,000 करोड़ की स्वीकृत लागत के साथ मंजूरी दी गई थी। परियोजना की अंतिम संशोधित कुल लागत लगभग ₹3,050 करोड़ है। इसका उद्देश्य गुजरात और राजस्थान के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के साथ क्षेत्र के निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस रेल लाइन से अंबाजी स्थित शक्तिपीठ, तारंगाहिल के जैन तीर्थस्थल, माउंट आबू और दिलवाड़ा जैन मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। परियोजना अहमदाबाद–आबू रोड रेल मार्ग के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्रीय परिवहन और माल ढुलाई को भी मजबूती प्रदान करेगी।
परियोजना के तहत कुल 15 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें 8 क्रॉसिंग स्टेशन और 7 हॉल्ट स्टेशन शामिल हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाली इस रेल लाइन पर 11 सुरंगों, 54 बड़े पुलों, 151 छोटे पुलों, 8 रोड ओवर ब्रिज और 54 रोड अंडर ब्रिज/सीमित ऊंचाई के पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। यह रेल मार्ग विद्युतीकृत होगा।
परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। निर्माण कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ठेके आवंटित किए जा चुके हैं और विभिन्न निर्माण गतिविधियां तेजी से चल रही हैं। निर्धारित समय-सीमा में परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
वडनगर से अंबाजी और आगे राजस्थान के आबू रोड तक रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से उत्तर गुजरात के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को व्यापक रेल नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता खुलेगा। इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्थानीय व्यापारियों, किसानों और क्षेत्र के निवासियों को परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही हस्तशिल्प, लघु उद्योगों, कृषि उत्पादों और ग्रामीण उद्यमिता को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
वडनगर रेलवे स्टेशन पर विरासत के अनुरूप विकसित यात्री सुविधाएं और महेसाणा–वरेठा रेलखंड की कनेक्टिविटी पहले ही क्षेत्रीय विकास में योगदान दे रही है। वहीं, तारंगाहिल–अंबाजी–आबू रोड रेल लाइन और वरेठा–अंबाजी प्रस्तावित रेल संपर्क के विस्तार से पर्यटन, व्यापार, रोजगार तथा सामाजिक-आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं हैं।

