त्योहारों में यात्रियों को राहत, उधना से झंझारपुर और मधुबनी के लिए चलेंगी अनारक्षित विशेष ट्रेनें
दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना से झंझारपुर और मधुबनी के लिए 18 फेरे वाली अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। जानें तारीखें, समय और प्रमुख ठहराव।

त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने उधना से बिहार के झंझारपुर और मधुबनी के लिए अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। विशेष किराये पर संचालित होने वाली इन ट्रेनों से यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। दोनों रेल मार्गों पर नवंबर में कुल 18 फेरे लगाए जाएंगे।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री विनीत अभिषेक की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उधना-झंझारपुर और उधना-मधुबनी के बीच दो जोड़ी अनारक्षित विशेष ट्रेनें संचालित की जाएंगी।
ट्रेन संख्या 09075/09076 उधना-झंझारपुर अनारक्षित विशेष कुल 12 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 09075 उधना-झंझारपुर विशेष 5, 6, 9, 10, 11 और 12 नवंबर 2026 को उधना से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 23:30 बजे झंझारपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09076 झंझारपुर-उधना विशेष 7, 8, 11, 12, 13 और 14 नवंबर 2026 को झंझारपुर से सुबह 06:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 18:45 बजे उधना पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और सकरी स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 09035/09036 उधना-मधुबनी अनारक्षित विशेष कुल 6 फेरे लगाएगी। ट्रेन संख्या 09035 उधना-मधुबनी विशेष 5, 9 और 12 नवंबर 2026 को उधना से सुबह 08:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 21:00 बजे मधुबनी पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 09036 मधुबनी-उधना विशेष 7, 11 और 14 नवंबर 2026 को मधुबनी से सुबह 06:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 18:45 बजे उधना पहुंचेगी।
उधना-मधुबनी विशेष ट्रेन दोनों दिशाओं में चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और दरभंगा स्टेशनों पर ठहरेगी।
पश्चिम रेलवे के अनुसार, दोनों विशेष ट्रेनें पूरी तरह अनारक्षित रहेंगी और इनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे। ट्रेनों के ठहराव के समय और डिब्बों की संरचना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए यात्री enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इन सेवाओं में उधना से झंझारपुर और मधुबनी के लिए निर्धारित तारीखों पर सीधी रेल सुविधा उपलब्ध रहेगी।

