चंडीगढ़ में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल, उत्तर रेलवे के अंबाला एवं फिरोजपुर मंडलों तथा केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के संयुक्त तत्वावधान में ‘ट्रेड मीट 2026’ का आयोजन किया गया। होटल ताज में आयोजित इस व्यापारिक सम्मेलन का उद्देश्य गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच रेल आधारित माल परिवहन को बढ़ावा देना, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार करना और लॉजिस्टिक्स लागत कम करना रहा। सम्मेलन में गुजरात के बंदरगाहों को पंजाब एवं हरियाणा के कृषि और औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने तथा दोनों दिशाओं में माल परिवहन की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में केंद्रीय भंडारण निगम (CWC) के अध्यक्ष श्री रबिंद्र कुमार अग्रवाल, अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री वेद प्रकाश, अंबाला मंडल के DRM श्री विनोद भाटिया और अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अन्नू त्यागी सहित रेलवे एवं केंद्रीय भंडारण निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन में किसानों, व्यापारियों, राइस मिल संचालकों, उद्योगपतियों, निर्यातकों, आयातकों, ट्रांसपोर्टरों और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इसमें गुजरात के गांधीधाम (कच्छ) एवं मेहसाणा क्षेत्र को पंजाब और हरियाणा के प्रमुख कृषि, औद्योगिक तथा व्यापारिक केंद्रों से जोड़ने के साथ दोनों दिशाओं में रेल माल परिवहन की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के DRM श्री वेद प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेलवे ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिक रेल अवसंरचना, विद्युतीकरण, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, आधुनिक माल टर्मिनलों, शक्तिशाली इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव और नई माल परिवहन तकनीकों के माध्यम से रेलवे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा, “आज भारतीय रेलवे की भूमिका केवल यात्रियों और माल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुँचाने तक सीमित नहीं है। रेलवे देश के आर्थिक विकास, औद्योगिक विस्तार, कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित करने और भारतीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। हमारा लक्ष्य है कि व्यापारियों की परिवहन लागत कम हो, किसानों को बड़े बाजार मिलें, उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिले और निर्यातकों को विश्वसनीय लॉजिस्टिक्स सुविधाएँ उपलब्ध हों।”

श्री वेद प्रकाश ने रेलवे में बढ़ते निवेश, व्यापक विद्युतीकरण, आधुनिक माल परिवहन सुविधाओं और तकनीकी नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण देश में टिकाऊ एवं कुशल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच दोतरफा माल परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि मालगाड़ियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए दोनों दिशाओं में पर्याप्त माल की उपलब्धता जरूरी है। उन्होंने कहा, “यदि पंजाब और हरियाणा से चावल, आलू, खाद्यान्न एवं निर्यात कंटेनर लेकर मालगाड़ियाँ गुजरात आती हैं, तो हमारा प्रयास होना चाहिए कि वापसी में भी ये मालगाड़ियाँ गुजरात से आयातित टिम्बर, नमक, उर्वरक, औद्योगिक उत्पाद एवं आयात कंटेनर लेकर उत्तर भारत जाएँ। इससे खाली रेकों की आवाजाही कम होगी, वैगनों का बेहतर उपयोग होगा और माल परिवहन की लागत को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकेगा।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे का उद्देश्य केवल एक दिशा में माल परिवहन बढ़ाना नहीं, बल्कि दोनों दिशाओं में संतुलित और नियमित परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, जिससे व्यापारियों, उद्योगों और रेलवे सभी को लाभ मिल सके।

DRM श्री वेद प्रकाश ने कहा कि पंजाब और हरियाणा देश के प्रमुख कृषि एवं औद्योगिक उत्पादक राज्य हैं, जबकि गुजरात महत्वपूर्ण औद्योगिक और समुद्री व्यापार केंद्रों में शामिल है। कांडला, मुंद्रा और टूना-टेकरा जैसे बंदरगाहों के साथ गांधीधाम का टिम्बर एवं साल्ट क्लस्टर, पालनपुर–डीसा का आलू उत्पादन क्षेत्र तथा अहमदाबाद–साणंद का औद्योगिक क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र हैं।

उन्होंने कहा, “पंजाब और हरियाणा के कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को गुजरात के बंदरगाहों तक पहुँचाने तथा गुजरात के बंदरगाहों से आयातित वस्तुओं को उत्तर भारत के बाजारों तक पहुँचाने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। यदि हम इन व्यापारिक मार्गों पर नियमित और संतुलित माल परिवहन विकसित करते हैं, तो इससे किसानों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और निर्यातकों को व्यापक लाभ मिलेगा।”

रेलवे और केंद्रीय भंडारण निगम के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए श्री वेद प्रकाश ने कहा कि मौजूदा समय में व्यापारियों को केवल स्टेशन से स्टेशन तक माल परिवहन की सुविधा नहीं, बल्कि पूरी सप्लाई चेन का समाधान चाहिए। उन्होंने कहा, “आज व्यापारी चाहता है कि उसका माल खेत, फैक्ट्री, राइस मिल या गोदाम से उठकर सुरक्षित रूप से खरीदार, बंदरगाह या अंतिम बाजार तक पहुँचे। इसके लिए रेलवे, केंद्रीय भंडारण निगम और लॉजिस्टिक्स कंपनियों को मिलकर एंड-टू-एंड परिवहन समाधान विकसित करने होंगे।”

उन्होंने बताया कि आधुनिक रेलवे टर्मिनलों, वैज्ञानिक भंडारण, माल एकत्रीकरण, सुरक्षित हैंडलिंग तथा फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी के बेहतर समन्वय से छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी रेल परिवहन का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि रेलवे केवल बड़े उद्योगों की नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों, किसानों और स्थानीय उद्यमियों की भी पहली पसंद बने।”

रेल माल परिवहन के आर्थिक और पर्यावरणीय लाभों का उल्लेख करते हुए DRM ने कहा कि लंबी दूरी पर बड़ी मात्रा में माल ढुलाई के लिए रेलवे प्रभावी विकल्प है। उन्होंने कहा, “हमारी सोच स्पष्ट है—कम लागत, कम कार्बन उत्सर्जन, अधिक परिवहन क्षमता और बेहतर विश्वसनीयता। जब हम अधिक माल सड़क से रेल की ओर स्थानांतरित करते हैं, तो इससे न केवल परिवहन लागत कम करने में सहायता मिलती है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सतत विकास को भी बढ़ावा मिलता है।”

उन्होंने आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, विशेष माल वैगनों, कंटेनर परिवहन तथा गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे विभिन्न प्रकार की औद्योगिक और व्यापारिक आवश्यकताओं के अनुरूप परिवहन समाधान विकसित कर रही है।

सम्मेलन में अप्रैल 2022 से मार्च 2024 की अवधि के जीएसटी आधारित व्यापारिक आंकड़ों एवं अनुमानों के माध्यम से गुजरात और उत्तर भारत के बीच माल परिवहन की संभावनाओं को भी सामने रखा गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में गांधीधाम से पंजाब एवं हरियाणा की ओर लगभग 33.4 लाख टन आयरन एवं स्टील का व्यापारिक प्रवाह रहा। वहीं, गांधीधाम से उत्तर भारत की ओर लगभग 2.2 लाख टन लकड़ी एवं लकड़ी से निर्मित वस्तुओं का परिवहन हुआ।

इसके अलावा पंजाब एवं हरियाणा से कच्छ की ओर लगभग 60.3 लाख टन चावल का व्यापारिक प्रवाह दर्ज किया गया। इसमें अकेले करनाल से कच्छ की ओर लगभग 38.7 लाख टन चावल का व्यापारिक प्रवाह शामिल था। पंजाब एवं हरियाणा से मेहसाणा क्षेत्र की ओर लगभग 70 हजार टन आलू के मौसमी परिवहन का व्यापारिक अनुमान भी प्रस्तुत किया गया। इन आंकड़ों के आधार पर संबंधित मार्गों पर रेल आधारित माल परिवहन की संभावित मांग और नए व्यावसायिक अवसरों पर चर्चा की गई।

श्री वेद प्रकाश ने सम्मेलन में मौजूद व्यापारियों, राइस मिल संचालकों, आलू उत्पादकों, टिम्बर कारोबारियों, उद्योगपतियों और निर्यातकों से अपनी वास्तविक परिवहन आवश्यकताएँ रेलवे के साथ साझा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आप हमें बताइए कि किस स्थान से कितना माल उपलब्ध है, उसे कहाँ भेजना है, किस मौसम में उसकी मांग अधिक रहती है और किन सुविधाओं की आवश्यकता है। हम अंबाला एवं फिरोजपुर रेल मंडलों तथा केंद्रीय भंडारण निगम के साथ मिलकर इन आवश्यकताओं का अध्ययन कर व्यावहारिक समाधान विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल रेलवे की उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि उद्योग और व्यापार जगत की जरूरतों को समझकर नए माल परिवहन मार्गों तथा व्यावसायिक संभावनाओं की पहचान करना भी है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए श्री वेद प्रकाश ने कहा कि इसके लिए आधुनिक रेलवे, मजबूत औद्योगिक नेटवर्क, कुशल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था और प्रतिस्पर्धी व्यापारिक वातावरण आवश्यक हैं। उन्होंने कहा, “रेलवे का विकास केवल रेलवे का विकास नहीं है। यह किसानों की समृद्धि, उद्योगों की प्रगति, व्यापार के विस्तार और देश की आर्थिक मजबूती से सीधे जुड़ा हुआ है। हमारा प्रयास है कि किसानों को बेहतर बाजार, व्यापारियों को कम परिवहन लागत, उद्योगों को विश्वसनीय सप्लाई चेन और निर्यातकों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिले।”

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अहमदाबाद, अंबाला और फिरोजपुर रेल मंडलों तथा केंद्रीय भंडारण निगम की संयुक्त पहल भविष्य में नए व्यापारिक संबंधों, रेल माल परिवहन के अवसरों और मजबूत आर्थिक साझेदारी का आधार बनेगी।

ट्रेड मीट के दौरान रेलवे माल टर्मिनलों, वैज्ञानिक वेयरहाउसिंग, बैंक वित्तपोषण, माल हैंडलिंग, पैकिंग, फर्स्ट एवं लास्ट माइल कनेक्टिविटी तथा दोतरफा माल परिवहन के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई। किसानों, व्यापारियों, राइस मिल संचालकों, उद्योगपतियों, निर्यातकों और लॉजिस्टिक्स कंपनियों के प्रतिनिधियों ने रेलवे एवं CWC के अधिकारियों के साथ अपनी परिवहन संबंधी जरूरतों और चुनौतियों को साझा किया।

‘Store Safe. Move Smart. Grow Together.’ यानी ‘सुरक्षित भंडारण, स्मार्ट परिवहन और सामूहिक विकास’ की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में रेलवे, केंद्रीय भंडारण निगम और व्यापारिक समुदाय के बीच व्यापक संवाद हुआ। गुजरात, पंजाब और हरियाणा के बीच माल परिवहन के नए अवसरों की पहचान, आधुनिक वेयरहाउसिंग और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से किफायती, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण रही।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story