17 अगस्त से नए गांधीग्राम–बोटाद मार्ग पर दौड़ेगी साबरमती–वेरावल वंदे भारत, सोमनाथ दर्शन होंगे आसान
17 अगस्त 2026 से साबरमती–वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस नए गांधीग्राम–बोटाद मार्ग से चलेगी। जानिए नया रूट, समय, ठहराव और सोमनाथ दर्शन की खास सुविधा।

तस्वीर में दिख रही भगवा और ग्रे रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन रेलवे ट्रैक पर चलती हुई।
रेल मंत्रालय ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शनार्थियों की सुविधा तथा यात्रियों को तेज, आधुनिक और आरामदायक रेल सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 26901/26902 साबरमती–वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग में महत्वपूर्ण बदलाव को मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन वर्तमान विरमगाम–सुरेन्द्रनगर–राजकोट–जेतलसर–जूनागढ़ मार्ग के स्थान पर गांधीग्राम–बोटाद–जेतलसर–जूनागढ़ मार्ग से संचालित होगी।
संशोधित मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 17 अगस्त 2026 से शुरू होगा। नए मार्ग से सोमनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही गांधीग्राम–बोटाद रेलखंड के यात्रियों को पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस की आधुनिक और विश्वस्तरीय यात्रा का लाभ मिलेगा।
गाड़ी संख्या 26901 साबरमती–वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस 17 अगस्त 2026 से साबरमती से प्रातः 06:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह 06:16 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी और 12:50 बजे वेरावल पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 26902 वेरावल–साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस वेरावल से 15:50 बजे प्रस्थान कर 21:50 बजे गांधीग्राम तथा 22:25 बजे साबरमती पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन गांधीग्राम, धोलका, धंधुका, बोटाद, धोला, ढसा और जूनागढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
ट्रेन की समय-सारणी विशेष रूप से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शनार्थियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। यात्री सुबह साबरमती से रवाना होकर दोपहर तक वेरावल पहुंच सकेंगे, भगवान सोमनाथ के दर्शन कर उसी दिन अपराह्न वेरावल से लौटते हुए रात्रि तक साबरमती वापस पहुंच सकेंगे। इससे एक ही दिन में दर्शन कर लौटना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।
मार्ग परिवर्तन के साथ गांधीग्राम–बोटाद रेलखंड के यात्रियों को पहली बार देश की सबसे आधुनिक सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इससे धोलका, धंधुका, बोटाद, धोला और ढसा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
संशोधित मार्ग से अहमदाबाद और सौराष्ट्र क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन एवं व्यापारिक केंद्रों के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। यात्रा समय में कमी आने के साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
