17 अगस्त से गांधीग्राम-बोटाद मार्ग पर दौड़ेगी साबरमती-वेरावल वंदे भारत, एक दिन में होंगे सोमनाथ दर्शन
17 अगस्त 2026 से साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस गांधीग्राम-बोटाद-जूनागढ़ मार्ग से संचालित होगी। नए रूट से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग जाने वाले श्रद्धालुओं और गांधीग्राम-बोटाद रेलवे सेक्शन के यात्रियों को पहली बार आधुनिक वंदे भारत सेवा का लाभ मिलेगा।

तस्वीर में पटरी पर खड़ी सफेद और नीले रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नजर आ रही है।
रेल मंत्रालय ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यात्रियों को तेज, आधुनिक और आरामदायक रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 26901/26902 साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन वर्तमान विरमगाम-सुरेंद्रनगर-जेतलसर-जूनागढ़ मार्ग के स्थान पर गांधीग्राम-बोटाद-जूनागढ़ मार्ग से किए जाने की मंजूरी दे दी गई है।
परिवर्तित मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 17 अगस्त 2026 से शुरू होगा। नए मार्ग से न केवल सोमनाथ जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि गांधीग्राम-बोटाद रेलवे सेक्शन के यात्रियों को भी पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक और विश्वस्तरीय रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
ट्रेन संख्या 26901 साबरमती-वेरावल वंदे भारत एक्सप्रेस 17 अगस्त 2026 से साबरमती से सुबह 06:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन 06:16 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी और दोपहर 12:50 बजे वेरावल पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 26902 वेरावल-साबरमती वंदे भारत एक्सप्रेस वेरावल से 15:50 बजे प्रस्थान करेगी, 21:50 बजे गांधीग्राम पहुंचेगी और 22:25 बजे साबरमती पहुंचेगी।
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन गांधीग्राम, धोलका, धंधुका, बोटाद, धोला, ढसा और जूनागढ़ स्टेशनों पर ठहरेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन किया जाएगा।
इस ट्रेन का समय विशेष रूप से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यात्री सुबह साबरमती से रवाना होकर दोपहर तक वेरावल पहुंच सकेंगे, भगवान सोमनाथ के दर्शन कर उसी दिन दोपहर बाद वेरावल से वापसी की यात्रा शुरू करेंगे और रात तक साबरमती लौट सकेंगे। इससे एक ही दिन में दर्शन कर वापस लौटना पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।
मार्ग परिवर्तन के साथ गांधीग्राम-बोटाद रेलवे सेक्शन के यात्रियों को पहली बार देश की सबसे आधुनिक सेमी हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इससे धोलका, धंधुका, बोटाद, धोला और ढसा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
परिवर्तित मार्ग से अहमदाबाद और सौराष्ट्र क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन तथा व्यापारिक केंद्रों के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। यात्रा समय में कमी आने के साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की संभावना है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
