साबरमती-कटरा एक्सप्रेस का विस्तार, तीन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव से यात्रियों को राहत
साबरमती से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। ट्रेन 19223 का कटरा तक विस्तार, तीन स्टेशनों पर ठहराव और अन्य ट्रेनों के समय में संशोधन किया गया है।

तस्वीर में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी लाल और स्लेयी रंग की एक्सप्रेस ट्रेन नजर आ रही है।
साबरमती से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पश्चिम रेलवे ने साबरमती और जम्मू तवी के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 19223 को श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित किया है। इसके साथ ही साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण एवं शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी प्रदान किए गए हैं।
ट्रेन संख्या 19223 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस साबरमती से 18 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन 10:25 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 18:55 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्री माता वैष्णो देवी कटरा–साबरमती एक्सप्रेस श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 20 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन 04:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन 14:05 बजे साबरमती पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 19223 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस का पालनपुर रेलवे स्टेशन पर आगमन 13:20 बजे और प्रस्थान 13:22 बजे होगा।
ट्रेन के श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण एवं शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव की सुविधा भी दी गई है।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 19415 साबरमती–श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के समय में 25 अक्टूबर 2026 से संशोधन किया गया है। संशोधित समय के अनुसार जम्मू तवी स्टेशन पर ट्रेन का आगमन 04:05 बजे और प्रस्थान 04:15 बजे रहेगा। श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन पर ट्रेन का आगमन 06:25 बजे होगा।
ट्रेन संख्या 12473 गांधीधाम–श्री माता वैष्णो देवी कटरा सर्वोदय एक्सप्रेस के समय में भी 24 अक्टूबर 2026 से संशोधन किया गया है। संशोधित समय के अनुसार जम्मू तवी स्टेशन पर ट्रेन का आगमन 14:32 बजे और प्रस्थान 14:37 बजे रहेगा।
ट्रेन संख्या 19223 एवं 12473 की बुकिंग 21 अगस्त 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों एवं आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। ट्रेनों के समय, ठहराव एवं संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
