साबरमती लोकोमोटिव शेड में WAG-12 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव के लिए विकसित किए जा रहे प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र का पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पांडेय और अहमदाबाद मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। प्रस्तावित परियोजना की अनुमानित लागत ₹113.63 करोड़ है।

निरीक्षण के दौरान M/s Alstom द्वारा निर्मित 300 WAG-12 उच्च क्षमता वाले मालवाहक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव के लिए साबरमती लोकोमोटिव शेड में विकसित किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रस्तावित परियोजना के तहत शेड का विस्तार, अत्याधुनिक मरम्मत सुविधाएं, बोगी ड्रॉप पिट, व्हील मेंटेनेंस सुविधाएं, ऑटोमेटिक लोको वॉशिंग प्लांट, ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE), विद्युत और दूरसंचार से संबंधित कार्य विकसित किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे लाइन लेआउट और रखरखाव योजना की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों के साथ तकनीकी चर्चा भी हुई। महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय रखरखाव सुविधा विकसित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर साबरमती लोकोमोटिव शेड के प्रदर्शन की भी सराहना की गई। शेड निर्धारित मानकों और लक्ष्यों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रखरखाव कार्यों में उच्च गुणवत्ता, विश्वसनीयता और दक्षता बनाए हुए है। अधिकारियों ने शेड की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहनीय बताया।

साबरमती लोकोमोटिव शेड में किए जा रहे तकनीकी बदलावों की भी अधिकारियों ने प्रशंसा की। विशेष रूप से WDG-5 लोकोमोटिव की स्टार्टिंग प्रणाली में वायुदाब आधारित (Pneumatic) सिस्टम को विद्युत (Electric) सिस्टम में बदलने से संबंधित बदलाव को उल्लेखनीय उपलब्धि माना गया।

इसके अलावा WDG-4 लोकोमोटिव के टर्बो सुपरचार्जर में किए गए बदलाव और इसके बाद उसी संशोधित टर्बो सुपरचार्जर का WDG-5 लोकोमोटिव में सफलतापूर्वक उपयोग शेड की तकनीकी क्षमता, नवाचार और तकनीकी बदलाव की भावना को दर्शाता है। इस नवाचारपूर्ण कार्य की भी उच्च अधिकारियों ने विशेष रूप से सराहना की।



निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, श्री सुमंत प्रसाद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर, लोकोमोटिव शेड, साबरमती तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शेड के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति, रखरखाव कार्यों, उपलब्धियों और प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक को विस्तृत जानकारी दी।

साबरमती लोकोमोटिव शेड में उत्कृष्ट रखरखाव कार्यों, तकनीकी बदलावों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयास पश्चिम रेलवे की कार्यक्षमता, सुरक्षा और विश्वसनीयता को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story