रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किया है, जिससे ओसियां, फलोदी और रामदेवरा के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 20486/20485 साबरमती–जोधपुर–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जैसलमेर तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत अब यह ट्रेन साबरमती से लेकर जैसलमेर तक संचालित होगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान के यात्रियों को सीधी और बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्राप्त होगी।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 20486 साबरमती–जैसलमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 23 मई 2026 से प्रतिदिन साबरमती से प्रातः 07.00 बजे प्रस्थान करेगी और बिना किसी परिवर्तन के जोधपुर पहुंचेगी। इसके बाद यह ट्रेन आगे ओसियां स्टेशन पर 15.59 बजे आगमन एवं 16.02 बजे प्रस्थान करेगी। इसके पश्चात फलोदी जंक्शन पर 17.28 बजे आगमन एवं 17.33 बजे प्रस्थान तथा रामदेवरा स्टेशन पर 18.25 बजे आगमन एवं 18.28 बजे प्रस्थान करते हुए यह ट्रेन 20.30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी।

इसी प्रकार, वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी 23 मई 2026 से प्रतिदिन जैसलमेर से प्रातः 06.30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रामदेवरा स्टेशन पर 07.50 बजे आगमन एवं 07.53 बजे प्रस्थान करेगी, वहीं फलोदी जंक्शन पर 09.10 बजे आगमन एवं 09.15 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद ओसियां स्टेशन पर 10.02 बजे आगमन एवं 10.05 बजे प्रस्थान करते हुए यह साबरमती की ओर प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस ट्रेन का साबरमती और जोधपुर के बीच आगमन-प्रस्थान समय यथावत रहेगा। यात्रियों को ट्रेन के ठहराव, समय एवं संरचना की विस्तृत जानकारी के लिए www.enquiry.indianrail.gov.in पर अवलोकन करने की सलाह दी गई है।

इस विस्तार से जैसलमेर, फलोदी, ओसियां और रामदेवरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के यात्रियों को सीधी सुपरफास्ट रेल सेवा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्रीय आवागमन एवं पर्यटन कनेक्टिविटी को उल्लेखनीय मजबूती मिलेगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story