आरपीएफ ने विद्यार्थियों को पत्थरबाजी और रेलवे के नियमों के प्रति जागरूक किया, पिछले वर्ष की तुलना में घटनाओं में कमी दर्ज की गई।

अहमदाबाद। रेलवे में पत्थरबाजी, अनधिकृत अतिक्रमण, चैन पुलिंग और रन-ओवर जैसी दुर्घटनाओं को रोकने तथा जन-जागरूकता का प्रसार करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट असारवा द्वारा आईटीआई कुबेरनगर में एक विशेष सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में आरपीएफ, अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आईआरपीएफएस श्री अंशुमान राम त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

अपने संबोधन में श्री त्रिपाठी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को रेलवे क्षेत्र में पत्थरबाजी, पटरियों पर अनाधिकृत रूप से चलने या उन्हें पार करने से उत्पन्न होने वाले गंभीर खतरों और उनके कानूनी परिणामों के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश और पत्थरबाजी की घटनाएं न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि यात्रियों तथा रेलवे कर्मचारियों के जीवन को भी जोखिम में डालती हैं। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे रेलवे पटरियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, चलती ट्रेनों पर पत्थर न फेंकें और सदैव सतर्क रहकर सुरक्षित व्यवहार अपनाएं।

श्री त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिजनों, मित्रों और पड़ोसियों तक साझा कर जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सुरक्षा संबंधी निर्देशों के अतिरिक्त, उन्होंने छात्रों को विभिन्न करियर अवसरों के प्रति मार्गदर्शन प्रदान किया और उन्हें नशे व अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने का संकल्प दिलाया।

यह कार्यक्रम आरपीएफ थाना असारवा के प्रभारी निरीक्षक श्री मनु छौक्कर और उनकी टीम के विशेष प्रयासों का परिणाम था। आरपीएफ असारवा द्वारा संचालित "संवाद" और सामुदायिक सहभागिता जैसे अभियानों के सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहे हैं। इसका प्रमाण यह है कि गत वर्ष पत्थरबाजी की 9 घटनाएं दर्ज की गई थीं, जबकि वर्ष 2026 में मई माह तक यह संख्या घटकर केवल 2 रह गई है। यद्यपि यह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है, फिर भी आरपीएफ असारवा ऐसी घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करने के लक्ष्य के साथ निरंतर कार्यरत है। कार्यक्रम में आईटीआई कुबेरनगर के प्राचार्य श्री नीरव विष्णुभाई देसाई और संस्थान के अन्य शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसमें लगभग 200 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। रेलवे सुरक्षा का सशक्त संदेश प्रसारित करते हुए यह जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Updated On 3 Jun 2026 5:06 PM IST
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story