मध्य रेलवे: सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती की साजिश विफल, 9 महिलाएं गिरफ्तार
आरपीएफ की तत्परता से सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती टली, धाराशिव की 9 महिला आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज।

सोलापुर और कुर्डुवाडी स्टेशनों के बीच आरपीएफ की सतर्कता से सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में बड़ी आपराधिक घटना को रोका गया।
मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता और समन्वित कार्रवाई ने 22.04.2026 को गाड़ी क्रमांक 12115 सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में डकैती की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। इस प्रकरण में 9 महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
घटना की शुरुआत 22.04.2026 को कुर्डुवाडी स्टेशन पर हुई, जहां अपराध प्रतिबंध एवं खोज पथक (CPDS) के हेड कॉन्स्टेबल श्री शिवाजी मुंडे को 3 महिलाएं संदिग्ध तरीके से घूमती हुई दिखाई दीं। पूछताछ के बाद उन्हें स्थानक छोड़ने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इसके बाद वे गाड़ी क्रमांक 22108 लातूर एक्सप्रेस में चढ़ती हुई देखी गईं, जिसके आधार पर सोलापुर पथक को पूरे मार्ग पर हाई अलर्ट जारी करने की सूचना दी गई।
आरोपी जेऊर स्टेशन पर उतरीं और वहां से डकैती के इरादे से गाड़ी क्रमांक 12115 सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में सवार हुईं। इस बीच आरपीएफ का पथक पहले से सक्रिय था और सिद्धेश्वर एक्सप्रेस की एस्कॉर्टिंग टीम—हेड कॉन्स्टेबल हरमेंद्र प्रसाद मीना और कॉन्स्टेबल ब्रजेश यादव—को लगातार संदेश भेजे जा रहे थे। संदिग्धों की पहचान के लिए छायाचित्रों और यात्रियों की मदद से उन पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
सोलापुर स्टेशन पर लेडी कॉन्स्टेबल सोनम पठाण के साथ आरपीएफ का एक दल तैयार तैनात था, जहां सभी 9 महिला आरोपियों को हिरासत में लिया गया। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग की ये महिलाएं धाराशिव जिले की निवासी बताई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को जीआरपी/कुर्डूवाडी के हवाले कर दिया गया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 310(4) (डकैती की तैयारी) के तहत अपराध क्रमांक 26/2026 दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है, जिसमें आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
इस गिरोह से संबंधित जानकारी पुणे विभाग को भी भेजी गई है, क्योंकि इनके सोलापुर और पुणे दोनों क्षेत्रों में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आरपीएफ के इन समन्वित प्रयासों की मध्य रेलवे ने सराहना की है और यात्रियों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को देने या सहायता के लिए 139 पर कॉल करने की अपील की गई है।
यह प्रेस विज्ञप्ति दिनांक 23 अप्रैल, 2026 को डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेलवे, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई द्वारा जारी की गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
