अहमदाबाद RPF ने महिला का कीमती सामान लौटाया और लापता बालक को खोजा
पश्चिमी रेलवे के अहमदाबाद मंडल की रेल सुरक्षा बल टीम ने वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटा लाखों का सामान बरामद किया और एक लापता बच्चे को रेस्क्यू किया।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम ने महिला यात्री को उनका खोया हुआ कीमती सामान लौटाया (बाएं) और मुंबई से लापता हुए बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया (दाएं)।
पश्चिम रेलवे के रेल सुरक्षा बल अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के क्षेत्र में एक बार फिर सराहनीय कार्य करते हुए तत्परता, ईमानदारी और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। 16 मई 2026 को RPF द्वारा दो अलग-अलग मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री का लाखों रुपये मूल्य का खोया सामान सुरक्षित लौटाया गया, वहीं एक लापता बालक को खोजकर सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया।
पहले मामले में रेल मदद पर शिकायत प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 22962 वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच संख्या C-8 की सीट संख्या 53 पर एक महिला यात्री का लेडीज पर्स छूट गया है। शिकायतकर्ता की पत्नी सूरत स्टेशन पर उतर चुकी थीं। सूचना मिलते ही ASI छगनलाल और कांस्टेबल समरपाल ने तुरंत संबंधित कोच को अटेंड किया और सीट संख्या 53 से भूरे रंग का लेडीज पर्स बरामद किया। उपस्थित यात्रियों के समक्ष पर्स की जांच की गई, जिसमें ₹4300 नगद, एक डेबिट कार्ड और सोने के आभूषण मिले।
RPF टीम ने शिकायतकर्ता की पत्नी श्रीमती श्वेता से मोबाइल पर संपर्क कर पर्स का सत्यापन कराया। इसके बाद गाड़ी संख्या 22961 वंदे भारत एक्सप्रेस के सूरत स्टेशन पहुंचने पर शाम 6:50 बजे महिला यात्री को उनका पर्स सुरक्षित और सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया। पर्स में कुल लगभग ₹3,01,300 मूल्य का सामान था, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, चैन, कान की बाली, अंगूठियां, ब्रेसलेट, ईयरबड्स और नगद राशि शामिल थी। यात्री और उनके परिजनों ने RPF की तत्परता, ईमानदारी और जिम्मेदार कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
दूसरे मामले में अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर एक लापता बालक को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। मुंबई के डी.बी. मार्ग थाना में BNS-2023 की धारा 137(2) के अंतर्गत दर्ज प्रकरण के संबंध में निरीक्षक अहमदाबाद को सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर RPF स्टाफ द्वारा खोजबीन शुरू की गई।
तलाश के दौरान LHC हेतल सोनी को प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर मणिनगर साइड एक बालक दिखाई दिया। प्राप्त फोटो से मिलान करने पर उसकी पहचान लापता बालक के रूप में हुई। सूचना मिलने पर ऑन ड्यूटी सेक्टर इंचार्ज ASI अरुण सिंह बालक को RPF पोस्ट अहमदाबाद लेकर पहुंचे, जहां पूछताछ की गई। इसके बाद संबंधित प्रकरण के जांच अधिकारी PSI घनश्याम दरेकर, मुंबई से संपर्क स्थापित किया गया। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूर्ण होने के बाद बालक को प्रयास जुवेनाइल सहायता केंद्र सोसायटी, सरसपुर के अधीक्षक को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया।
अहमदाबाद मंडल में RPF द्वारा की गई इन दोनों कार्रवाइयों ने एक बार फिर साबित किया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और मानवीय संरक्षण के लिए बल पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
