पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) वर्ष 2025-26 में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा तथा रेलवे परिसरों में सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के अपने दायित्व का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करता रहा। इस अवधि में RPF ने सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, यात्री सहायता और मानवीय सेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए अपनी कार्यकुशलता का प्रभावी परिचय दिया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान RPF अहमदाबाद मंडल द्वारा रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 29,276 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग ₹40 लाख का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने, अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

यात्रियों के खोए हुए अथवा भूले-बिसरे सामान की वापसी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अमानत” के तहत ₹1,58,51,286/- मूल्य के 462 लावारिस एवं खोए हुए सामानों को बरामद कर आवश्यक सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। इसी प्रकार “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के अंतर्गत 121 बच्चों तथा 23 पुरुषों एवं महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिजनों, चाइल्ड लाइन अथवा संबंधित पुलिस अधिकारियों को सुपुर्द किया गया।

रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम [RP(UP) Act] के तहत दर्ज 49 मामलों में से 46 मामलों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया, जिसमें 114 बाहरी व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं यात्रियों के सामान चोरी (TOPB) के 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर GRP को सौंपा गया तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत 73 आरोपियों को भी GRP के हवाले किया गया।

रेलवे संपत्ति और परिसरों की सुरक्षा के लिए चलाए गए “ऑपरेशन सतर्क” में 125 मामलों का खुलासा हुआ, जिसमें ₹12,90,963/- मूल्य की अवैध शराब बरामद कर 102 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई अहमदाबाद, साबरमती और कांकरिया यार्ड स्टेशनों पर की गई। वहीं “ऑपरेशन नारकोस” के तहत 4 मामलों में ₹4,35,310/- मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

मानवीय सेवा के क्षेत्र में RPF ने “ऑपरेशन जीवन रक्षा” के तहत प्लेटफॉर्म गैप, चलती ट्रेन या अन्य दुर्घटनात्मक परिस्थितियों में फंसे 11 पुरुषों एवं महिलाओं की जान बचाई। यह RPF की तत्परता और जीवन रक्षक भूमिका का प्रमाण रहा।

रेल मदद (Rail Madad) पोर्टल पर प्राप्त 1,918 सुरक्षा संबंधी शिकायतों का 100 प्रतिशत निस्तारण मात्र औसतन 6 मिनट में किया गया, जिसमें 92.85 प्रतिशत यात्रियों ने संतोषजनक अथवा उत्कृष्ट प्रतिक्रिया दी। इसके साथ ही वारंट निष्पादन में भी RPF ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए RA एवं RP(UP) Act से संबंधित 113 वारंटों में से 95 वारंटों का सफल निष्पादन किया।

इस प्रकार RPF अहमदाबाद मंडल ने वर्ष 2025-26 में सुरक्षा, सेवा, अपराध नियंत्रण और मानवीय सहायता के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज करते हुए अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story