देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित 19वें रोजगार मेले के तहत 19 विभिन्न सरकारी मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को दिए गए रोजगार पत्र।

देश में रोजगार सृजन को गति देते हुए माननीय प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 23 मई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले के तहत देशभर में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में अब पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और सभी चयन मेरिट के आधार पर किए जा रहे हैं। साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सुगम बनी है।

देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित 19वें रोजगार मेले में विभिन्न 19 विभागों के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग तथा उच्च शिक्षा विभाग सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गईं। रोजगार मेला अभियान की शुरुआत के बाद से अब तक देशभर में आयोजित विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12.50 लाख नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।

अहमदाबाद में आयोजित रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री Raksha Nikhil Khadse उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात सहित देशभर में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 18 रोजगार मेलों का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से लगभग 12 लाख युवाओं को केंद्र सरकार द्वारा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान रोजगार मेले के माध्यम से भी लगभग 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विकास मॉडल के लिए पूरे देश और विश्व में जाना जाता है। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री ने गुजरात के विकास मॉडल को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया। प्रधानमंत्री की सोच हमेशा से यह रही है कि देश का प्रत्येक युवा आगे बढ़े, हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करे और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है। युवाओं को सही दिशा प्रदान करने का कार्य केंद्र सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लगातार कर रही है। रोजगार मेला केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

इस अवसर पर पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक Ved Prakash ने बताया कि रोजगार मेले के तहत अहमदाबाद मंडल में कुल 115 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी रेलवे विभाग से संबंधित रहे, जबकि 29 महिला अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्त अभ्यर्थियों में रेलवे विभाग के 66, वित्तीय सेवा विभाग के 36, डाक विभाग के 9, आयकर विभाग के 2 तथा ईपीएफओ और एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक-एक अभ्यर्थी शामिल रहे।

अहमदाबाद में आयोजित रोजगार मेला कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्यमंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे, गुजरात सरकार के श्रम, कौशल विकास एवं रोजगार तथा ग्रामीण विकास मंत्री Kunvarjibhai Bavaliya, गुजरात सरकार की शहरी विकास एवं शहरी आवास राज्यमंत्री Darshana Vaghela, अहमदाबाद पश्चिम के सांसद Dineshbhai Makwana, राज्यसभा सांसद Narahari Amin, अहमदाबाद क्षेत्र के विधायकगण तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश उपस्थित रहे। अतिथियों ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

देशभर में आयोजित 19वें रोजगार मेले ने केंद्र सरकार की रोजगार सृजन नीति को नई मजबूती दी है। बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान कर यह अभियान रोजगार, पारदर्शिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बनकर उभरा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story