पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल स्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में सुरक्षा आयुक्त-II के पद पर तैनात रजत कुंडगीर, IRPFS ने प्रधानमंत्री सिल्वर कप केस स्टडी प्रतियोगिता-2026 में प्रथम पुरस्कार हासिल किया है। उन्हें पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के उपयोग, उससे जुड़ी चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर तैयार केस स्टडी के लिए सम्मानित किया गया।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुरस्कार समारोह हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित किया गया। रजत कुंडगीर की केस स्टडी का विषय “पुलिसिंग में AI/ML का उपयोग – चुनौतियां और आगे की राह” था। इसमें मुंबई सेंट्रल मंडल में रेलवे सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को रेखांकित किया गया।

अकादमी में आयोजित आईपीएस पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने रजत कुंडगीर को प्रधानमंत्री सिल्वर कप की प्रतिकृति, स्वर्ण पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किया।

अकादमी की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सेवारत पुलिस एवं सुरक्षा कर्मी भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का दस्तावेजीकरण, विश्लेषणात्मक अध्ययन और समकालीन पुलिसिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए नए दृष्टिकोणों को प्रोत्साहित करना है।

रजत कुंडगीर की प्रविष्टि का मूल्यांकन कई चरणों में किया गया। इसमें राष्ट्रीय स्तर की स्क्रीनिंग और मौखिक प्रस्तुति (वाइवा-वोसे) शामिल थी। निर्णायक मंडल में प्रधानमंत्री कार्यालय और इंटेलिजेंस ब्यूरो के प्रतिनिधियों के साथ पत्रकार, शिक्षाविद और सेवानिवृत्त नौकरशाह शामिल थे।

पुरस्कार विजेता केस स्टडी में मुंबई सेंट्रल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) और सीसीटीवी निगरानी के उपयोग से किए गए कार्यों को प्रस्तुत किया गया। अध्ययन के अनुसार, मंडल में 463 फेस रिकग्निशन सिस्टम (FRS) से लैस सीसीटीवी कैमरों का निगरानी नेटवर्क स्थापित है। इसे 14,000 से अधिक आपराधिक रिकॉर्ड वाले डोजियर के डेटाबेस का समर्थन प्राप्त है, जिससे संदिग्धों की समय पर पहचान करने में मदद मिलती है।

केस स्टडी में फेस रिकग्निशन सिस्टम के माध्यम से 202 से अधिक मामलों का पता लगाए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही, अंधेरी स्टेशन पर यात्रियों के सामान की चोरी (TOPB) के मामलों में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज होने का उल्लेख किया गया। ये पहल रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम के लिए खुफिया सूचनाओं पर आधारित सक्रिय पुलिसिंग को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में आधुनिक तकनीक की भूमिका को दर्शाती हैं।

इस उपलब्धि से पश्चिम रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल का गौरव बढ़ा है। पश्चिम रेलवे ने रजत कुंडगीर की सफलता पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान अपराधों की रोकथाम, निगरानी व्यवस्था में सुधार और यात्रियों को अधिक सुरक्षित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग करने वाले रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों के प्रयासों को प्रदर्शित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story