राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की महत्वाकांक्षी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 का सोमवार को भव्य आगाज हो गया। योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर पहली स्पेशल ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन को देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने विधिवत रूप से रिबन काटकर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहाँ यात्रियों का एक दिन का ठहराव होगा। इसके अगले दिन श्रद्धालुओं को मदुरै ले जाया जाएगा, जहाँ वे मीनाक्षी मंदिर के दर्शन करेंगे। तीर्थ यात्रा के उपरांत यह ट्रेन वापस लौटते हुए 20 जुलाई को जयपुर पहुँचेगी। ट्रेन की रवानगी के अवसर पर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आयोजित कार्यक्रम में पूरा परिसर भजनों और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा, जहाँ कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने यात्रियों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि श्रद्धालु बहुत ही सौभाग्यशाली हैं जिन्हें रामनाथ स्वामी के दर्शन का बुलावा आया है। उन्होंने सहज भाव से स्वीकार किया कि आज तक उन्हें स्वयं को रामेश्वरम में साक्षात दर्शन का अवसर नहीं मिल पाया है। उन्होंने इस तीर्थ यात्रा के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने एक संवेदनशील बेटे का फर्ज निभाते हुए प्रदेश के बुजुर्गों को आर्थिक चिंता से मुक्त होकर सम्मान के साथ तीर्थ दर्शन कराने का मार्ग प्रशस्त किया है। मंत्री कुमावत ने यात्रियों से आग्रह किया कि वे रामेश्वरम में देश की उन्नति, गौ-माता की रक्षा और राजस्थान की खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना करें।

इस पहली ट्रेन में कुल 970 वरिष्ठ नागरिक सवार हुए हैं। इनमें दुर्गापुरा स्टेशन से जयपुर जिले के 161 और कोटपूतली-बहरोड़ के 177 श्रद्धालु शामिल हैं। साथ ही सवाईमाधोपुर स्टेशन से धौलपुर जिले के 213 और झालावाड़ जिले के 419 यात्री तीर्थ यात्रा पर रवाना हुए हैं। देवस्थान मंत्री ने बताया कि आगामी 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर और 30 जुलाई को उदयपुर से भी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए ट्रेनें रवाना होंगी।

इसके साथ ही उन्होंने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के लिए हवाई यात्रा का शेड्यूल भी जारी किया। 20 जुलाई से 22 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली एयरपोर्ट से प्रतिदिन 44 वरिष्ठजन हवाई जहाज से काठमांडू जाएंगे। इस अवधि में कुल 2860 वरिष्ठ नागरिक पशुपतिनाथ जी के दर्शन करेंगे, जबकि शेष यात्रियों को दिसंबर में नेपाल भेजा जाएगा। तीर्थ यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए ट्रेन में 30 सरकारी कर्मचारियों का दल, ट्रेन प्रभारी और अनुदेशक तैनात किए गए हैं, साथ ही आपातकालीन स्थिति के लिए चौबीसों घंटे चिकित्सा स्टाफ मौजूद रहेगा। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, अमित गोयल, रेखा राठौड़, नवरत्न नाराणिया, सुरेंद्र पूर्ववंशी, मुकेश सैनी, प्रदीप माहेश्वरी, रतनलाल योगी और महेंद्र देवतवाल सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Next Story