पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अंतर्गत मुंबई - अहमदाबाद रेल लाइन के आणंद – कंजारी बोरियावी रेलखंड पर भारी वर्षा के बीच एक बड़ा संकट उत्पन्न हो गया। 1 अगस्त को हुई मूसलाधार बारिश के कारण इस रूट पर स्थित ब्रिज संख्या 650 के निकट अचानक चुनौतीपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई, जिससे रेल यातायात पर प्रभाव पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) सुमित ठाकुर के नेतृत्व में इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने इस आपात स्थिति पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की और कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित रेल परिचालन पुनः बहाल कर दिया।

इस घटनाक्रम पर पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि वडोदरा मंडल के कर्मठ रेलकर्मियों द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए मानसून के दौरान रेल संरचना की सतत निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और टीमें पूर्णतः तत्पर हैं।

वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया कि 1 अगस्त को लगातार हो रही बारिश के कारण प्रातः 08:20 बजे ब्रिज संख्या 650 के समीप रेन कट्स पाए गए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन द्वारा तुरंत 20 किमी प्रति घंटा की कॉशन स्पीड लागू कर दी गई। इसके तुरंत बाद, 18 वैगन रब्बल एवं 8 वैगन क्वैरी डस्ट से युक्त मानसून राहत रेक मात्र तीन मिनट में प्रातः 08:23 बजे आणंद पहुंच गई, जिसके साथ ही इंजीनियरिंग विभाग की टीमों ने युद्धस्तर पर बहाली कार्य प्रारंभ कर दिया।

तकनीकी स्थिति का ब्यौरा देते हुए मंडल के वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संदीप कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान ब्रिज की विंग वॉल क्षतिग्रस्त पाई गई। इसके फलस्वरूप पूर्वाह्न 10:55 बजे डाउन लाइन पर रेल यातायात अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया, जबकि अप लाइन पर 10 किमी प्रति घंटा की कॉशन स्पीड लागू की गई। प्रतिकूल मौसम और निरंतर जारी बारिश के बीच मंडल के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों, ट्रैक मेंटेनरों एवं अन्य कर्मचारियों ने अन्य विभागों के समन्वय से निरंतर कार्य करते हुए प्रभावित स्थल को सुरक्षित बनाया। कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते मात्र पाँच मिनट में पूर्वाह्न 11:00 बजे डाउन लाइन पर 10 किमी प्रति घंटा की कॉशन स्पीड के साथ रेल परिचालन पुनः प्रारंभ कर दिया गया। इसके पश्चात दोपहर 12:05 बजे अप लाइन पर भी कॉशन स्पीड बढ़ाकर 20 किमी प्रति घंटा कर दी गई।

प्रभावित स्थल को स्थायी रूप से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डाउन लाइन पर दोपहर 13:40 बजे से 16:30 बजे तक तथा अप लाइन पर दोपहर 13:20 बजे से 14:35 बजे तक इंजीनियरिंग ब्लॉक लेकर व्यापक बहाली कार्य निष्पादित किया गया। इस ब्लॉक अवधि के दौरान कुछ लम्बी दूरी की ट्रेनों को मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर रेग्युलेट किया गया। रेल प्रशासन का यह त्वरित और समन्वित प्रयास प्रतिकूल परिस्थितियों में भी रेल संरचना को सुरक्षित रखते हुए सुगम परिचालन बनाए रखने की दक्षता को दर्शाता है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story