कपूरथला, 11 सितंबर 2026: रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला में राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने और अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि व जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हिंदी पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित यह पखवाड़ा 07 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

हिंदी पखवाड़े के तहत 07 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों को ‘ऑनलाइन शिक्षा का वर्तमान एवं भविष्य’ तथा ‘वित्तीय समावेशन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी’ में से किसी एक विषय पर निबंध लिखने का अवसर दिया गया।

इसके बाद 11 सितंबर को हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कर्मचारियों ने नोटिंग और ड्राफ्टिंग में अपने कला कौशल का प्रदर्शन किया।

हिंदी वाक् प्रतियोगिता 14 सितंबर को आयोजित होगी। इसमें प्रतिभागी ‘तकनीक से परिवर्तन तक : भारत की डिजिटल यात्रा’ तथा ‘तनावमुक्त जीवन : आज की आवश्यकता’ में से किसी एक विषय पर 5 से 7 मिनट का वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। हिंदी पखवाड़े का समापन 21 सितंबर 2026 को हिंदी क्विज प्रतियोगिता के साथ होगा। सभी प्रतियोगिताएं रेल डिब्बा कारखाना के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित की जा रही हैं।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के अतिरिक्त तीन प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। ये पुरस्कार हिंदी पखवाड़ा पुरस्कार वितरण समारोह में दिए जाएंगे।

राजभाषा विभाग ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से हिंदी पखवाड़े में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। विभाग के अनुसार, हिंदी पखवाड़ा हिंदी के प्रति प्रेम और सम्मान बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरणा देने का अवसर भी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story