वडोदरा: पॉइंट्समैन विक्रम बी पटेलिया को मिला पश्चिम रेलवे संरक्षा पुरस्कार
खरसालिया यार्ड में पेट्रोलियम तेल से लदी मालगाड़ी में धुआं देखकर बड़ी दुर्घटना टालने वाले पॉइंट्समैन को महाप्रबंधक ने सम्मानित किया।

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय (बाएं से दूसरे) वडोदरा मंडल के पॉइंट्समैन विक्रम बी पटेलिया (केंद्र) को संरक्षा पुरस्कार प्रदान करते हुए। साथ में जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं।
रेलवे संचालन में एक क्षण की सतर्कता किस प्रकार बड़े हादसे को टाल सकती है, इसका जीवंत उदाहरण वडोदरा मंडल में सामने आया, जहां पॉइंट्समैन विक्रम बी पटेलिया की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई ने एक संभावित गंभीर दुर्घटना को टाल दिया। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने उनकी इसी उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए उन्हें संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया।
पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनुभव सक्सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, श्री विक्रम बी पटेलिया वडोदरा मंडल के खरसालिया में पॉइंट्समैन के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 11.02.2026 को खरसालिया यार्ड में एक गुड्स ट्रेन वैगनों के साथ स्टेशन से गुजर रही थी। “ऑल राइट” सिग्नल के आदान-प्रदान के दौरान ऑफ-साइड पॉइंट्समैन विक्रम बी पटेलिया ने एक वैगन से घना धुआं निकलते देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत लाल हैंड सिग्नल प्रदर्शित कर ट्रेन मैनेजर को सतर्क किया।
ट्रेन मैनेजर ने वीएचएफ के माध्यम से लोको पायलट को सूचना दी, जबकि गार्ड ने इमरजेंसी वाल्व के जरिए क्रमिक रूप से ब्रेक पाइप प्रेशर कम करना शुरू किया। ट्रेन को स्टार्टर सिग्नल पार करने के पश्चात सुरक्षित रूप से रोका गया। निरीक्षण के दौरान ट्रेन मैनेजर और सहायक लोको पायलट ने पाया कि 14वें वैगन का ब्रेक पिस्टन एप्लाइड पोजीशन में फंसा हुआ था और ब्रेक ब्लॉक अत्यधिक जाम थे।
विशेष रूप से चिंता की बात यह थी कि संबंधित वैगन में POL (Petroleum Oil Lubricants) लदा हुआ था, जिससे यह स्थिति अत्यंत गंभीर सुरक्षा जोखिम बन सकती थी। तत्परता दिखाते हुए ट्रेन मैनेजर, सहायक लोको पायलट और स्टेशन स्टाफ ने ब्रेक को मैन्युअली रिलीज किया। इसके बाद वैगन के ब्रेक के अनुप्रयोग और रिलीज की पुनः जांच की गई, जो सामान्य पाई गई।
इस पूरे घटनाक्रम में विक्रम बी पटेलिया की सजगता और त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, बल्कि रोलिंग स्टॉक, कर्मचारियों, यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा भी सुनिश्चित की। उनकी यह कार्यशैली रेलवे सेवा में निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और सतर्कता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
