देश में रोजगार सृजन को गति देने की दिशा में केंद्र सरकार 23 मई, 2026 को एक बार फिर बड़े स्तर पर रोजगार मेला आयोजित करने जा रही है। प्रधानमंत्री Narendra Modi सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेलवे सहित विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित भी करेंगे।

यह 19वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी जाएंगी। देश के अलग-अलग हिस्सों से चयनित नए कर्मचारियों को रेल मंत्रालय, संचार मंत्रालय के डाक विभाग, रक्षा मंत्रालय, वित्तीय मंत्रालय सहित कई अन्य विभागों और मंत्रालयों में नियुक्त किया जा रहा है।

रोजगार मेला प्रधानमंत्री की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का हिस्सा माना जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 11.50 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

इस क्रम में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यहां कुल 115 नवीन चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इनमें रेलवे के 66, वित्तीय सेवा विभाग के 39, पोस्ट ऑफिस के 9 और रक्षा मंत्रालय का 1 अभ्यर्थी शामिल है।

अहमदाबाद में आयोजित समारोह में केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री Raksha Nikhil Khadse, गुजरात की शहरी विकास एवं शहरी आवास राज्य मंत्री Darshanaben Vaghela, सांसद Dineshbhai Makwana, सांसद Hansmukhbhai Patel, राज्यसभा सांसद Narahari Amin तथा विधायक Dineshsinh Kushwah सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित रहेंगे।

देशभर में लगातार आयोजित किए जा रहे रोजगार मेले केंद्र सरकार की भर्ती प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरे हैं। 23 मई को आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला हजारों युवाओं के लिए सरकारी सेवा में प्रवेश का बड़ा अवसर साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story